चेन्नई में एयर अरबिया विमान का इमरजेंसी गेट खोलकर कूदा यात्री, मचा हड़कंप

Chennai Airport: चेन्नई एयरपोर्ट पर AIR अरेबिया की शारजाह से आई फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोलकर छलांग लगा दी. इसके कारण कुछ समय के लिए रनवे बंद करना पड़ा.

Chennai Airport: चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने एयर अरेबिया के विमान का इमरजेंसी एग्जिट खोलकर नीचे छलांग लगा दी. यह पूरी घटना उस समय हुई जब विमान लैंडिंग के बाद रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान युवक ने छलांग लगा दी.

फ्लाइट शारजाह से चेन्नई पहुंची थी और इसमें करीब 230 से ज्यादा यात्री सवार थे. जैसे ही फ्लाइट टर्मिनल की तरफ बढ़ रही थी. उसी दौरान एक यात्री अचानक इमरजेंसी गेट के पास पहुंच गया. इसके साथ ही उसने दरवाजा भी खोल दिया और बाहर कूद गया. यह सब देखकर फ्लाइट में सवार यात्री घबरा गए.

फ्लाइट से कूदने वाले यात्री की उम्र 30-35 साल के बीच है और वह मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है.शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह यात्रा के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था और उसने उल्टी भी की थी, ऐसा माना जा रहा है कि स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण ही युवक ने वो काम किया है.

युवक को CISF ने हिरासत में लिया

घटना के तुरंत बाद पायलट ने विमान को रोक दिया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया. केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया.  इसके साथ ही युवक से पूछताछ की जा रही है कि उसने इस तरह का कदम क्यों उठाया है.

सुरक्षा कारणों से मुख्य रनवे को करीब एक घंटे के लिए बंद करना पड़ा, जिससे कई उड़ानों में देरी और डायवर्जन की स्थिति बनी. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी यात्री या विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ.

पूछताछ में जुटे अधिकारी

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया है, इसके साथ ही उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर सबकी निगाहें! कल होगा फैसला, काउंटिंग से पहले माहौल गर्म

ज़रूर पढ़ें