भाई की बुलेट का चालान कटा तो बहन ने दिखाया टशन! पुलिस जीप के बोनट पर बैठी; चला हाई वोल्टेज ड्रामा
शिवपुरी में भाई की बुलेट का चालान कटने से नाराज युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा.
MP News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने एक युवक की बुलेट का चालान काट दिया. इसके बाद युवक की बहन पुलिस से भिड़ गई. चालान कटने के बाद बहन को इतना गुस्सा आया कि वह पुलिस की जीप के बोनट पर बैठ गई और चालान रद्द करने की मांग करने लगी. पुलिस ने समझाया कि कार्रवाई नियमों के तहत की गई है, लेकिन इसके बावजूद युवती नहीं मानी. काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. हालांकि काफी समझाइश के बाद युवती जीप से नीचे उतर गई.
बुलेट से आ रही थी पटाखे जैसी आवाज
पूरा मामला शिवपुरी के करेरा इलाके का है. यहां मंगलवार शाम एसडीओपी कार्यालय के बाहर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी. तभी एक युवक बुलेट लेकर गुजरा. ना तो युवक ने हेलमेट पहना हुआ था और ना ही बुलेट पर नंबर प्लेट नहीं थी. साइलेंसर को मॉडिफाइड किया गया था. इसके कारण बुलेट के साइलेंसर से तेज पटाखे जैसी आवाज आ रही थी. जिसके बाद पुलिस ने युवक को रुकवाकर बुलेट का चालान काट दिया.
सड़क पर चलता रहा हाई वोल्टेज ड्रामा
पुलिस के बुलेट का चालान काटने के बाद युवक की बहन और पुलिस कर्मियों के बीच बहस हो गई. इससे गुस्साई युवती पुलिस जीप के बोनट पर जाकर बैठ गई. इसके बाद आने जाने वाले लोग रुककर पूरे ड्रामे को देखते रहे. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. काफी देर तक पुलिस को समझाती रही. पुलिस ने नियमों का हवाला देकर चालान की बात कही, लेकिन युवती की मांग थी कि चालान को रद्द किया जाए और गाड़ी को छोड़ा जाए. इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
पुलिस बोली- नियमों के तहत कार्रवाई की गई
वहीं पूरे मामले पर करेरा थाना इंचार्ज का कहना है कि युवक ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया गया था. जिसके कारण उस पर कार्रवाई की गई. इस दौरान युवक की बहन ने पुलिस के काम में काफी देर तक व्यवधान उत्पन्न किया और पुलिस की गाड़ी के बोनट पर काफी देर तक बैठी रही. हालांकि उसको समझाबुझाकर नीचे उतार दिया गया. इसके साथ ही पुलिस ने अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय हेलमट और सीट बेल्ट जरूर लगाएं.
ये भी पढे़ं: ‘साहब’ के बंगलों से चंदन के पेड़ काट ले गए चोर, ‘हवा’ भी नहीं लगी; पुलिस बोली- जांच कर रहे