‘साहब’ के सरकारी बंगलों से चंदन के पेड़ काट ले गए चोर, ‘हवा’ भी नहीं लगी; पुलिस बोली- जांच कर रहे
राजगढ़ में सरकारी बंगलों से चंदन के पेड़ चोरी हो रहे हैं.
Input- मनीष सोनी
MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में चोरों के हौसले अब इतने बुलंद हो गए हैं कि सरकारी बंगले भी सुरक्षित नहीं रह गए. सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि जिन अधिकारियों के जिम्मे जंगल और वन संपदा की सुरक्षा है, उनके ही सरकारी आवासों से चंदन के पेड़ चोरी हो रहे हैं. जिन अधिकारियों के बंगलों से पेड़ चोरी हुए, उनमें एसडीएम, डीएफओ जैसे अधिकारी शामिल हैं. एक के बाद एक सामने आई इन घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
SDM, DFO समेत कई अधिकारियों के बंगलों से चंदन के पेड़ चोरी
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को जिला वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) वैणी प्रसाद के सरकारी बंगले परिसर से अज्ञात बदमाश चंदन का पेड़ काटकर ले गए. इसके अलावा न्यायालय परिसर में जिला विधिक प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी के आवास से भी चंदन का पेड़ चोरी होने का मामला सामने आया है. दोनों मामलों में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है.
मंगलवार को दो अधिकारियों के सरकारी आवासों पर हुई चोरी से पुलिस ने सबक नहीं लिया था. इसके बाद बुधवार को फिर एसडीएम निधि भारद्वाज के सरकारी आवास से भी चंदन का पेड़ चोरी होने की सूचना सामने आई. इसके अलावा जल संसाधन विभाग के ईई जेके ठाकुर के आवास से भी चंदन चोरी होने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस का क्या कहना है?
वहीं पूरे मामले पर कोतवाली टीआई मंजू मखेनिया ने बताया कि डीएफओ बंगले और जिला विधिक प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी के आवास से चंदन चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. जबकि एसडीएम आवास से चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.
सरकारी बंगले सुरक्षित नहीं, आम जनता का क्या होगा?
चंदन की लकड़ी की बाजार में अच्छी कीमत मिलती है. लेकिन अब तस्कर और चोर सरकारी बंगलों को भी नहीं छोड़ रहे हैं. ऐसे में सरकारी परिसरों से पेड़ों का चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद शहर में चर्चा है कि जब अफसरों के सरकारी आवास सुरक्षित नहीं हैं, ऐसे में आम लोगों के घरों की सुरक्षा तो भगवान भरोसे ही नजर आती है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन चंदन चोरी की इन वारदातों ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें: ‘मौत से पहले हर दिन घुटती है पीड़िता, फिर चरित्र पर उंगली उठाते हैं’, ट्विशा शर्मा केस पर बोलीं हर्षा रिछारिया