ट्विशा केस में समर्थ के वकील ने छोड़ा केस, कहा- फीस नहीं दी; कोर्ट में सरेंडर करवाने के फैसले से परिवार नाराज था
ट्विशा मामले में समर्थ सिंह के वकील ने केस छोड़ा.
Samarth Lawyer Quits Twisha Case: एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा केस में आरोपी समर्थ सिंह के वकील ने केस ना लड़ने का फैसला लिया है. वकील मृगेंद्र सिंह केस से पीछे हट गए हैं. मृगेंद्र का आरोप है कि समर्थ सिंह ने उनकी फीस नहीं दी है, जिसके कारण वो केस छोड़ने का फैसला कर रहे हैं. समर्थ के वकील ने हाई कोर्ट में आज हो रही सुनवाई से पहले ही केस से खुद को अलग कर लिया.
फीस भी नहीं दी, मेरा कॉल भी नहीं उठा रहे
10 दिन तक फरारी काटने के बाद आरोपी समर्थ सिंह जबलपुर हाई कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था. लेकिन पुलिस ने समर्थ को गिरफ्तार कर लिया था. बताया जा रहा है कि समर्थ को सरेंडर करवाने की सलाह वकील मृगेंद्र सिंह ने ही दी थी. जिससे परिवार काफी नाराज था. मृगेंद्र सिंह का कहना है कि परिवार ने उनकी फीस भी नहीं चुकाई है. ना ही कोई कॉल उठा रहे हैं. तीन दिनों से समर्थ के परिवार से कोई संपर्क नहीं हो सका है.
हालांकि वकील के फीस ना देने के दावे पर अभी तक समर्थ के परिवार की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है.
गिरिबाला सिंह के एक वकील ने पहले भी छोड़ा था केस
बता दें ये पहला मौका नहीं है जब ट्विशा डेथ केस में समर्थ के परिवार के वकील ने केस छोड़ा हो. इसके पहले गिरिबाला सिंह के एक वकील इनोश जॉर्ज कार्लो ने भी केस से खुद को अलग कर लिया था. जिसके बाद गिरिबाला सिंह ने खुद ही अपने केस की पैरवी करने का फैसला लिया था. हालांकि मामले में गिरिबाला सिंह को पहले ही अग्रिम जमानत मिली हुई है.
गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत के खिलाफ आज हाई कोर्ट में सुनवाई होनी थी. लेकिन सुनवाई को टाल गई है. अब सुनवाई की अगली तारीख 27 मई मुकर्रर की गई है. गिरिबाला सिंह से मामले में कोर्ट ने जवाब मांगा है.
7 दिन की पुलिस रिमांड पर है समर्थ सिंह
समर्थ सिंह इस समय पुलिस रिमांड पर है. कोर्ट ने समर्थ को 7 दिन की रिमांड पर भेजा है. आज रिमांड का दूसरा दिन है. पुलिस समर्थ से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे हो सकते हैं. समर्थ सिंह जबलपुर हाई कोर्ट में सरेंडर करने गया था, तभी पुलिस ने समर्थ को गिरफ्तार कर लिया था.
ये भी पढे़ं: ट्विशा शर्मा की मौत बनी रहस्य, वो 7 सवाल जिनके जवाब का अब भी सभी को इंतजार