Damoh: ईदगाह में नमाज अदा कर रहे थे लोग… रफीक कबाड़ी का बकरा हुआ फरार, ‘कुर्बानी के मेहमान’ को उठा ले गए शातिर चोर
चोरी हुआ बकरा मिला
Damoh News: एक तरफ ईदगाह में बकरीद की नमाज अदा हो रही थी. “अल्लाहु अकबर” की सदाएं आसमान में गूंज रही थीं. तो दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के दमोह में दो शातिर चोर कुर्बानी के लिए लाए गए बकरे पर नजरें गड़ाए बैठे थे.
ईद की नमाज के दौरान हुई चोरी
मामला शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां सीतावाड़ी इलाके के रहने वाले दो शातिर चोर प्रेम करिया और अलीम टोपा ने पलंदी चौराहे पर रहने वाले रफीक कबाड़ी के घर के बाहर खूंटे से बंधे बकरे पर हाथ साफ कर दिया.
घर के बाहर बंधा था ‘कुर्बानी का मेहमान’
पुलिस के मुताबिक रफीक खान का पूरा परिवार ईद की नमाज अदा करने ईदगाह गया हुआ था. घर के बाहर खूंटे से बंधा “कुर्बानी का मेहमान” अपने मालिक का इंतजार कर रहा था. तभी दोनों शातिर चोर दबे पांव पहुंचे और बकरे को लेकर ऐसे रफूचक्कर हुए, जैसे किसी फिल्म का चोरी वाला सीन शूट हो रहा हो.
नमाज पढ़कर लौटे तो गायब मिला बकरा
जब परिवार नमाज पढ़कर वापस लौटा तो घर के बाहर बंधा बकरा गायब था. पहले तो परिवार के लोगों ने बकरे को आसपास काफी तलाशा, मोहल्ले में आवाजें लगाईं, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो मामला सीधे सिटी कोतवाली पहुंच गया.
18 हजार रुपये में खरीदा था बकरा
रफीक और उनके परिवार के लिए सबसे बड़ा दुख यह था कि जिस बकरे को करीब 18 हजार रुपये में बड़े अरमानों से कुर्बानी के लिए खरीदा गया था, उसकी चोरी हो जाने के कारण इस बार परिवार कुर्बानी नहीं दे पाया.
CCTV फुटेज से खुला पूरा मामला
लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब दमोह पुलिस ने शहर के चप्पे-चप्पे पर लगे CCTV कैमरों को खंगाला तो घटना का खुलासा हो गया. महज 2 घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी अलीम टोपा को हिरासत में ले लिया. वहीं दूसरा आरोपी प्रेम करिया अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
पुलिस ने बकरा बरामद कर लौटाया
पुलिस ने चोरी हुआ बकरा भी बरामद कर उसे वापस मालिक के सुपुर्द कर दिया. “ईद के मेहमान” की घर वापसी से परिवार के मुर्झाए चेहरों पर मुस्कान लौट आई. हालांकि पुलिस के कहने पर फिलहाल बकरे की कुर्बानी कुछ दिनों के लिए टाल दी गई है.
ये भी पढे़ं- Bhopal: सड़क पर नमाज न पढ़ें और निर्धारित जगह पर ही कुर्बानी दें, बकरीद पर वक्फ बोर्ड ने एडवाइजरी की जारी