ICC बोर्ड मीटिंग में बड़ा एक्शन, इस देश पर लगा बैन, टेस्ट क्रिकेट में पिंक बॉल ट्रायल को मिली मंजूरी
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल
ICC: अहमदाबाद में हुई इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की अहम बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए. इस दौरान बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए कनाडा क्रिकेट बोर्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि टेस्ट क्रिकेट में पिंक बॉल के ट्रायल को भी मंजूरी दे दी गई है.
क्रिकेट कनाडा पर क्यों लगा बैन?
दरअसल आरोप हैं कि कनाडा क्रिकेट अपने सदस्य होने के दायित्वों का उल्लंघन कर रहा था जिसकी वजह से आईसीसी ने उन्हें निलंबित करने का फैसला किया है. क्रिकबज के मुताबिक आईसीसी ने स्टेटमेंट जारी कर बताया कि कनाडा क्रिकेट बोर्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. हालांकि इसका खिलाड़ियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और राष्ट्रीय टीम आईसीसी टूर्नामेंट में हिस्सा लेना जारी रखेगी.
साथ ही आईसीसी ने साफ किया है कि यह प्रशासनिक फैसला है और खिलाड़ियों पर इसका वित्तीय रूप से असर न पड़े, इसके लिए वित्तीय सहायता एक विशेष निगरानी व्यवस्था के तहत जारी रहेगी. साथ ही क्रिकेट कनाडा को सदस्यता बहाल कराने के लिए आईसीसी की कुछ शर्ते मानी होंगी, जिसका उद्देश्य प्रशानिक कमियों को दूर करना होगा.
🚨 Following the ICC Board Meeting in Ahmedabad, Cricket Canada has been suspended from its ICC membership with immediate effect due to "serious breaches of its membership obligations"
— Cricbuzz (@cricbuzz) June 1, 2026
Canadian national representative teams will be eligible, however, to participate in ICC events… pic.twitter.com/BumsfzkIut
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में बैन IPL, फिर भी गूंजा वैभव सूर्यवंशी का नाम, पूर्व क्रिकेटर ने जमकर की तारीफ
पिंक बॉल के ट्रायल को मिली मंजूरी
इसी के साथ इस मीटिंग में आईसीसी ने टेस्ट क्रिकेट में पिंक बॉल के इस्तेमाल के ट्रायल को मंजूरी दे दी है. इस प्रस्ताव के तहत, अगर मैच के दौरान रोशनी खराब हो तो ऐसे में दोनों टीमों की सहमति से लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद का इस्तेमाल किया जा सकता है. आगामी टेस्ट मैचों में कम रोशनी होने पर पिंक बॉल का इस्तेमाल देखा जा सकता है. इसके अलावा आईसीसी ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए एक वैश्विक क्वालीफायर टूर्नामेंट करवाने के विषय में भी चर्चा की.