डर के माहौल में मध्य प्रदेश कांग्रेस! क्रॉस वोटिंग का खौफ, विधायकों की कर्नाटक हो रही शिफ्टिंंग
उमंग सिंघार के घर विधायकों की बैठक
MP News: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट पर कांग्रेस की प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के सामने भाजपा ने अपना उम्मीदवार उतारकर चुनाव को रोचक बना दिया है. सोमवार यानी 8 जून को कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया है. वहीं भाजपा के प्रत्याशी महेश केवट ने भी अपना नामांकन दाखिल किया.
नामांकन प्रक्रिया के बाद सोमवार देर शाम नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के भोपाल स्थित निवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित हुई. बैठक में विधायकों को अगले करीब दस दिनों तक यात्रा के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए. सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस विधायक मंगलवार को भोपाल से कर्नाटक रवाना हो सकते हैं. इसके लिए कांग्रेस सभी विधायक दोपहर में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बंगले पहुंचेंगे. वहीं से कर्नाटक के लिए रवाना हो सकते हैं.
बैठक में बाबू जंडेल की दिलचस्प मांग
बैठक के दौरान श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने हल्के अंदाज में कहा कि क्षेत्रीय व्यस्तताओं के बीच यदि सभी विधायकों को दस दिनों के लिए बाहर भेजा जा रहा है तो उन्हें चार धाम यात्रा भी करवा दी जानी चाहिए.
अन्य राज्यों के कांग्रेस नेता भी पहुंचे भोपाल
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन के लिए अन्य राज्यों के नेता भी सक्रिय नजर आए. महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष बोम्मा माहेश कुमार गौड़ सोमवार को भोपाल पहुंचे. दोनों नेताओं ने दिनभर पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं से मुलाकात की तथा शाम को उमंग सिंघार के आवास पर आयोजित रात्रिभोज में भी शामिल हुए.
उमंग सिंघार बोले- रणनीति पहले ही तय
बैठक के बाद उमंग सिंघार ने कहा कि पार्टी पहले ही अपनी रणनीति तय कर चुकी है और अब विधायकों को मतदान प्रक्रिया तथा मॉक पोल के संबंध में तैयार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने विधायकों को एकजुट रखते हैं और कांग्रेस को भी अपने विधायकों पर पूरा भरोसा है. साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि विधायकों को कहां ले जाया जाएगा, इसकी जानकारी जल्द दी जाएगी.
ये भी पढे़ंं- ‘BJP पहले अपना घर संभाले, उनके कई विधायक हमारे संपर्क में’, उमंग सिंघार बोले- कांग्रेस के सभी MLA एकजुट