रीवा: चॉकलेट का लालच देकर मासूम के साथ की दरिंदगी, 100 CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचा

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां पर चोकलेट का लालच देकर मासूम के साथ दरिंदगी की है.
rewa minor rape case

आरोपी को किया गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर एक युवक अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया.

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए तत्काल विशेष टीमों का गठन किया गया. तीन दिनों तक लगातार चली जांच और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कई दिनों से विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में देखा जा रहा था. उसने मासूम बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर अपने झांसे में लिया और बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. जब बच्ची ने परिजनों को आपबीती बताई तो मामला पुलिस तक पहुंचा और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई.

गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज

पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सबसे पहले पीड़ित बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कराया. वहां दर्ज कराए गए बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी स्थानीय निवासी नहीं था, जिससे उसकी पहचान करना और गिरफ्तारी तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था.

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीमों ने दिन-रात मेहनत करते हुए क्षेत्र के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. शुरुआती फुटेज में आरोपी का चेहरा और वाहन नंबर स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और आरोपी के हुलिये के आधार पर लगातार जांच जारी रखी. आखिरकार पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल हुई.

आरोपी से पूछताछ कर न्यायालय में किया गया पेश

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है, वहीं घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को अजनबियों से सावधान रहने की सीख दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

ये भी पढे़ं- MP News: बालिग युवती को प्रेमी संग रहने की आजादी, हाई कोर्ट ने कहा- लिव-इन को शादी नहीं माना जाएगा

ज़रूर पढ़ें