भवानीपुर की हार नहीं भूल पा रहीं ममता, सुवेंदु की जीत को कोलकाता हाई कोर्ट में दी चुनौती
ममता बनर्जी
Mamata Files Petition Herself: बंगाल विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था. अब ममता बनर्जी ने भवानीपुर की हार को कोलकाता हाई कोर्ट में चुनौती दी है. ममता बनर्जी सोमवार की सुबह अचानक कोलकाता हाई कोर्ट पहुंची थी. जहां उन्होंने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव को लेकर चुनौती दी. इस दौरान उनके साथ डेरेक ओ ब्रायन, डोला सेना, और कल्याण बनर्जी मौजूद थे.
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी आमने-सामने थे. जिसमें ममता बनर्जी को हार का सामना करना पड़ा. सुवेंदु अधिकारी की जीत को चुनौती देने के लिए ममता बनर्जी ने हाई कोर्ट का रुख किया. ममता को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी वर्तमान में बंगाल के मुख्यमंत्री हैं.
15,104 वोटों से हार गईं ममता
भवानीपुर विधानसभा के परिणाम को देखें, तो सुवेंदु अधिकारी को कुल 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को सिर्फ 58,812 वोट मिले. यानी ममता बनर्जी 15,104 वोटों से हार गईं. हालांकि, मतगणना के दौरान शुरुआती 16-17 राउंड तक ममता बनर्जी आगे रहीं, लेकिन अंत में उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ेंः ‘मैं ममता के साथ हूं…’, पति सुदीप के बागी तेवरों के बीच नयना बनर्जी का ऐलान
2021 में भी हारने के बाद कोर्ट पहुंची थीं ममता
ममता बनर्जी की हार के बाद उन्होंने खुद हाई कोर्ट को चुनौती दी है. हालांकि, ऐसा नहीं है कि ममता बनर्जी ने पहली बार हार को लेकर कोर्ट का रुख किया है. इससे पहले भी उन्होंने साल 2021 में नंदीग्राम से मिली हार को चुनौती देने के लिए कोर्ट पहुंची. वह मामला अभी भी कोर्ट में लंबित है. ममता बनर्जी की हार और बंगाल की सत्ता से उनकी पार्टी के हटते ही टीएमसी में फूट पड़ गई है.