ग्वालियर में बदमाश ने युवक पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, 60 प्रतिशत झुलसा, बेटे को बचाने में पिता भी गंभीर घायल
युवक बुरी तरह से झुलसा
MP News: ग्वालियर के थाटीपुर थाना इलाके में कल यानी मंगलवार को देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पेट्रोल देरे से मना करने पर नाराज एक बदमाश ने 26 वर्षीय युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस घटना में बेटे को बचाने के लिए उसके पिता भी आग की चपेट में आ गए और उनके पैर झूलस गए.
घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को जयारोग्य अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पूरी घटना शहर के न्यू प्रेम नगर, पीएसी कॉलोनी के पास की है. घटना में घायल आकाश सेंगर पुत्र रामचंद्र सेंगर थाटीपुर चौराहे स्थित ऑटो स्टैंड पर वाहनों को खड़ा कराने का काम करता है.
बदमाश ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी
घटना पर परिजनों का कहना है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे दुल्लपुर का रहने वाला बदमाश डोली गुर्जर इलाके में किसी बात को लेकर आकाश से विवाद कर रहा था. इसी दौरान बदमाश ने पेट्रोल मांगा, लेकिन आकाश ने पेट्रोल देने से मना कर दिया. इस बात पर आरोपी भड़क गया और कथित तौर पर उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी.
बेटे को बचाने में पिता झुलस गए
आग की लपटों में बेटे को देखकर पिता ने उसको दौड़कर बचाने की कोशिश की, इस दौरान उनके पैर झुलस गए. आकाश के पिता रामचंद्र सेंगर पास ही स्थित एक टूर एंड ट्रेवल्स कार्यालय में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं.
स्थानीय लोगों ने अस्पताल में किया भर्ती
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. स्थानीय लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया और घायलों को उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती किया गया. इस घटना के बाद डाॅक्टरों ने बताया कि आकाश करीब 50 से 60 प्रतिशत तक झुलस गया और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
इस पूरी वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी डोली गुर्जर अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही थाटीपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस क्षेत्र में आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
ये भी पढे़ं- दोस्त पर किया हमला, फिर सलवार सूट पहनकर अस्पताल पहुंचा हमलावर, पत्नी ने आरोपी को पहचाना, पुलिस ने दबोचा