आलीराजपुर में अंधविश्वास का गंदा खेल! महिला को ‘डायन’ बता दिया, पति से कहा- गौमांस का पानी पिलाने से सही होगी
पीड़ित दंपती ने एसपी ऑफिस जाकर शिकायत दर्ज करवाई है.
Input- मनीष अरोड़ा
MP News: मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला को कथित तौर पर ‘डायन’ कहकर प्रताड़ित किया जा रहा है. न्याय की गुहार लेकर पीड़ित दंपती अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा. पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव में लगातार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और जान से मारने जैसी धमकियां भी दी जा रही हैं.
‘गौ मांस का पानी पिलाने की बात कहकर कर रहे प्रताड़ित’
आलीराजपुर जिले के सुमनियावाट गांव में अंधविश्वास के नाम पर एक महिला के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला के पति का आरोप है कि उनके काका का बेटा उनकी पत्नी को ‘डायन’ कहकर गांव वालों के सामने अपमानित करता है.
इतना ही नहीं, पीड़ित पति का कहना है कि आरोपी उनकी पत्नी को जबरन गाय के मांस का पानी पिलाने जैसी बातें कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है.
SP से मिलकर कही कार्रवाई की बात
लगातार हो रही इस प्रताड़ना से परेशान होकर पति-पत्नी न्याय की उम्मीद में पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे और कार्रवाई की मांग की. पीड़ित दंपती का कहना है कि उन्हें प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि भविष्य में किसी और महिला को अंधविश्वास के नाम पर इस तरह की प्रताड़ना का सामना न करना पड़े.
ये भी पढे़ं: नर्मदा नदी में डूबकर तीन युवकों की मौत, जबलपुर में दद्दा घाट पर नहाने गए थे 8 दोस्त