MP में सीधी और सिंगरौली के लोगों को तोहफा, NH-39 फोरलेन सड़क पकड़ेगी रफ्तार, केंद्र ने NHI को सौंपी परियोजना

NH-39 के निर्माण से सीधी और सिंगरौली के बीच सफर आसान और सुरक्षित होगा. व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा.
Representative image.

सांकेतिक तस्वीर.

Input- शरद गौतम

MP News: मध्य प्रदेश के सीधी और सिंगरौली वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. वर्षों से अधूरी और बदहाल पड़ी NH-39 फोरलेन सड़क परियोजना अब नई रफ्तार पकड़ने जा रही है. अब तक MPRDC के जिम्मे रही इस सड़क का निर्माण कार्य लगातार विवादों, देरी और खराब निर्माण गुणवत्ता के कारण अधर में लटका हुआ था. लेकिन अब केंद्र सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को NHI को सौंप दिया है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण एजेंसी ने मैदान में उतरकर काम भी शुरू कर दिया है.

‘विंध्य और सिंगरौली की लाइफलाइन’

सीधी के सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने इसे क्षेत्र के विकास की बड़ी उपलब्धि बताते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है. करीब डेढ़ दशक से इंतजार झेल रही सीधी-सिंगरौली मुख्य सड़क मार्ग NH-39 अब आखिरकार अपने मुकाम तक पहुंचने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है. 105 किलोमीटर लंबी यह सड़क केवल दो जिलों को जोड़ने वाला मार्ग नहीं बल्कि विंध्य और ऊर्जा नगरी सिंगरौली की लाइफलाइन मानी जाती है. इसके बावजूद वर्षों तक यह परियोजना फाइलों, अधूरे निर्माण और एजेंसियों की लापरवाही के बीच उलझी रही. फोरलेन सड़क निर्माण का सपना लगभग 15 साल पहले दिखाया गया था. लेकिन जिम्मेदार एजेंसी MPRDC समय पर काम पूरा नहीं कर सकी. कई हिस्सों में निर्माण शुरू हुआ लेकिन गुणवत्ता और गति दोनों सवालों के घेरे में रहे. हालात ऐसे बने कि कई बार बनी सड़क कुछ ही समय में उखड़ने लगी.

भारी परिवहन का दबाव

बरसात के मौसम में यह मार्ग गड्डों और कीचड़ में तब्दील हो जाता था, जिससे हजारों यात्रियों, मरीजों, छात्रों और भारी वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. सीधी से सिंगरौली तक रोजाना कोयला, औद्योगिक सामग्री और भारी परिवहन का दबाव रहता है इसके बावजूद NHI को सौंपना जरूरी हो गया था.

सांसद ने कहा कि MPRDC के जरिए यह परियोजना बार-बार फेल हो रही थी, इसलिए इसे NHI को सौंपना जरूरी हो गया था. उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया आसान नहीं थी लेकिन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से अब रास्ता साफ हो गया है. सांसद के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण एजेंसी ने काम भी शुरू कर दिया है. उन्होंने दावा किया कि इस बार सड़क निर्माण गुणवत्ता और तय समयसीमा के साथ पूरा कराया जाएगा. साथ ही यह भी कहा कि तय समय से पहले सड़क बनाकर जनता को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है.

आसान और सुरक्षित होगा सफर

NH-39 के निर्माण से सीधी और सिंगरौली के बीच सफर आसान और सुरक्षित होगा. व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा. खासकर ऊर्जा राजधानी सिंगरौली तक बेहतर कनेक्टिविटी बनने से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. वर्षों से खराब सड़क की मार झेल रही जनता अब इस उम्मीद में है कि इस बार अधूरे वादों की जगह सड़क पर सच में विकास दौड़ता नजर आएगा.

‘दुर्भाग्य है कि 22 सालों से सड़क बन रही है’

कांग्रेस प्रवक्ता आकाश राज पांडे ने रोड पर सियासी संग्राम पर जमकर हमला बोला सीधी जिले का दुर्भाग्य है कि पिछले 22 वर्षों से यह सड़क बन रही हैं और सड़क पर भूमि पूजन कर चुके हैं सड़क बन जाए. इसके लिए हवन पूजन किया भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने टोना टोटका किया पूर्व सांसद ने 6 बार पोस्ट किया. नए सांसद ने पोस्ट किया कि नई कपनी को टेंडर मिल गया है. काम आज तक चालू नहीं हुआ. देश के परिवहन मंत्री ने जिस सड़क निर्माण में हो रही देरी में लोगों से माफी मांगी. उस सड़क का निर्माण न प्रारम्भ हो पाना यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थित है.

मैं पूरी तरह समझता हू जो हमारे जिले के जनप्रतिनिधि हैं, वो जनता के प्रति लापरवाह हैं. किसान परेशान है, यात्री परेशान है. जनप्रतिनिधि सोशल मीडिया में पोस्ट करके दिखावा करके श्रेय लेना चाहते हैं. जमीनी स्तर पर भी कुछ नहीं मुझे लगता है कि इस बरसात में भी और यह कंपनी भी काम नहीं कर पाएगी. 6 महीने में कंपनी भी छोड़ कर चली जाएगी यथा स्थिति रहेगी. इसकी पूरी जवाबदारी सांसद विधायक सोशल मीडिया में संसद के द्वारा पोस्ट किया था कि 15 दिनों में काम चालू हो जाएगा. लेकिन अभी तक काम नहीं चालू हुआ है. मुझे लगता है कि 2 महीने बीत चुके हैं. टेंडर होने में मुझे लगता है कि सड़क में एक गिट्टी तक नहीं गिरी है. इसके लिए उन्हें लगना पड़ेगा, दौड़ना पड़ेगा. सीधी की जनता के दर्द को समझाना पड़ेगा, तब काम होगा.

ये भी पढे़ं: ‘अधिकारियों का राजनीतिकरण संवैधानिक संकट’, कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर जीतू पटवारी ने साधा निशाना

ज़रूर पढ़ें