MP Weather: जुलाई में बारिश ने पकड़ी रफ्तार, फिर भी प्रदेश में अब तक 13% कम बरसा पानी, जानें मौसम का अपडेट
आज का मौसम
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में जुलाई महीने में बीच-बीच में लंबे अंतराल के बावजूद अच्छी बारिश दर्ज की गई, लेकिन जून में कमजोर मानसून का असर अब भी आंकड़ों में दिखाई दे रहा है. प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. यही वजह है कि 55 में से 42 जिलों में औसत से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सक्रिय मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ रहे हैं, इसलिए अगले चार दिनों तक कहीं भी व्यापक स्तर पर भारी बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि अगस्त में बारिश का कोटा पूरा होने की उम्मीद जताई गई है.
मालवा-निमाड़ में सबसे ज्यादा असर
पिछले 48 घंटों के दौरान मालवा-निमाड़ क्षेत्र में मानसून सबसे ज्यादा सक्रिय रहा. खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, धार और रतलाम समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई. खंडवा में लगातार बारिश के चलते कपास और मक्का की फसल खेतों में गिर गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई. वहीं बड़वानी जिले के सेंधवा क्षेत्र में नाले का पानी कई घरों में घुस गया और दो फीट तक जलभराव की स्थिति बनी रही.
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, सबसे ज्यादा बारिश खरगोन के गोगावां में 7.6 इंच दर्ज की गई. इसके अलावा बुरहानपुर शहर में 7 इंच और बैतूल के भीमपुर में 6.6 इंच वर्षा रिकॉर्ड हुई. प्रदेश के 33 शहरों और कस्बों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई.
अगस्त में पूरी हो सकती है बारिश की कमी
प्रदेश में अब तक औसतन 15.4 इंच (390.3 मिमी) बारिश हुई है, जबकि सामान्य स्थिति में इस समय तक 17.6 इंच (448.4 मिमी) बारिश हो जानी चाहिए थी. पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 11 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. मौसम विभाग का मानना है कि अगस्त में यदि मानसून सक्रिय रहा तो बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है.
ये भी पढे़ं- MP Weather Update: एमपी में सक्रिय हुए 3 मानसूनी सिस्टम! IMD ने 12 जिलों में जारी किया अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट