Sagar: जैसीनगर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन सहित तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, नकदी-जेवर लेकर हुई थी फरार
तीनों आरोपी गिरफ्तार
Input: Parasram Sahu
Sagar: जैसीनगर पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लुटेरी दुल्हन रुक्मणी चतुर्वेदी निवासी बिलासपुर सहित उसके दो साथियों अरविंद विभार निवासी अलवर और सोनू अहिरवार निवासी दमोह को गिरफ्तार कर लिया है. शनिवार शाम 4 बजे को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
26 जून को किया गया था मामला दर्ज
थाना प्रभारी जे.पी. ठाकुर ने बताया कि महुआखेड़ा पेगवार निवासी नोनीराम पटेल की शिकायत पर 26 जून को मामला दर्ज किया गया था. पहली पत्नी की मृत्यु के बाद नोनीराम ने 1.20 लाख रुपये देकर रुक्मणी से शादी की थी. विवाह के तीसरे दिन रुक्मणी घर से 30 हजार रुपये नकद, चांदी के जेवर और मंगलसूत्र लेकर फरार हो गई थी.
मुखबिर की सूचना लिया गया एक्शन
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी योगेंद्र भदौरिया के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिलासपुर से रुक्मणी को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसके साथी अरविंद विभार और कार चालक सोनू अहिरवार को भी गिरफ्तार कर लिया गया. तीनों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ भी इस तरह की वारदातें की हैं या नहीं.
सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी जे.पी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक विकास सिंह, सहयोग कुमार, जयसिंह कुर्मी, हुकुम सिंह, आरक्षक काजी, गौरव, संदीप रैकवार, रामप्रकाश तथा महिला आरक्षक अनीता लोधी और तपस्या रजक की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ये भी पढ़ें:‘मैं बहुत शर्मिंदा हूं…’, PM मोदी को गालियां देने वाली लड़की का वीडियो आया सामने, क्या-क्या कहा?