Rewa: कीचड़ वाली सड़क पर बीमार बच्चे को कपड़े की पालकी में ले गए ग्रामीण, वायरल वीडियो ने खोली विकास की पोल
रीवा न्यूज/ इमेज सोर्स-विस्तार न्यूज
Rewa News: जिले के जवा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सोहावल खुर्द के गढ़ुआई टोला से विकास कार्यों की जमीनी हकीकत उजागर करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में आदिवासी बस्ती की कीचड़ से लथपथ सड़क पर ग्रामीण एक 12 वर्षीय बीमार बच्चे को कपड़े की पालकी बनाकर इलाज के लिए ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
ग्रामीणों को हो रही काफी दिक्कत
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में गढ़ुआई टोला की कच्ची सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में यदि कोई बीमार पड़ जाए तो उसे खाट या कपड़े की पालकी के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है.
ग्रामीणों ने क्या आरोप लगाया
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. उनका कहना है कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के दावे किए जाते हैं, जबकि जमीनी स्थिति बिल्कुल अलग है. उनका यह भी आरोप है कि न जनप्रतिनिधियों और न ही जिम्मेदार अधिकारियों ने उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान दिया.
ग्रामीणों ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी वे मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और बरसात के मौसम में उनका जीवन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है. बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है.
सड़क पक्कीकरण कराने की मांग की
वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से गढ़ुआई टोला की सड़क का शीघ्र पक्कीकरण कराने तथा आदिवासी बस्ती को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर राहत प्रदान करता है.
ये भी पढ़ेंः ‘मुझे Gen-Z पर आंख मूंदकर भरोसा…’, RSS प्रमुख मोहन भागवत बोले- इनका विरोध देश के खिलाफ नहीं