रीवा से सतना, सीधी और जबलपुर जाना हुआ आसान, जल्द चलेंगी 6 इलेक्ट्रिक बसें
रीवा से जल्द चलेंगी 6 इलेक्ट्रिक बसें
Rewa Electric Bus: रीवा में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं. एक सप्ताह के अंदर शहरवासियों को 6 इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिलने जा रही है. नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन ने बस डिपो का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी काम तय समय सीमा में पूरा करें. रीवा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बस डिपो में सभी जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, 1 सप्ताह के अंदर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
रीवा में यह इलेक्ट्रिक बस सेवा करीब 9 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जा रही है. शुरुआत में इलेक्ट्रिक बसें रीवा से तीन प्रमुख शहरों (सतना, सीधी और जबलपुर) के लिए चलाई जाएंगी. तीनों शहरों के लिए 2-2 बसों का संचालन किया जाएगा. लेकिन आगे जरूरत और यात्रियों की संख्या के आधार पर सेवा का विस्तार किया जा सकता है.
तीन जिलों के यात्रियों को मिलेगी सुविधा
नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा कि बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी. सतना, सीधी और जबलपुर से आने-जाने वाले यात्रियों का आवागमन सुगम होगा. क्योंकि यात्रियों को अब एक और नया विकल्प मिल जाएगा. इसका संचालन रीवा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड द्वारा किया जाएगा.
ये भी पढ़ेंः कीचड़ वाली सड़क पर बीमार बच्चे को कपड़े की पालकी में ले गए ग्रामीण, वायरल वीडियो ने खोली विकास की पोल
1 हफ्ते के अंदर शुरू होगी बस सेवा
नगर निगम प्रशासन बस सेवा शुरू करने को लेकर अंतिम रूप देने में जुटा है. लगभग सभी तैयारियां कर ली गई हैं. चार्जिंग स्टेशन तैयार है, जबकि पंजीयन, दस्तावेजों के सत्यापन और कंडक्टरों के प्रशिक्षण सहित अन्य काम पूरे किए जा रहे हैं. जल्द ही इसी हफ्ते बस सेवा शुरू कर दी जाएगी. इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहर में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.