Bhopal: वीवीआईपी इलाके में दिनदहाड़े चोरी, भाजपा विधायक अजय विश्नोई के बंगले से नल चुरा ले गए चोर

Bhopal: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे सुरक्षित वीवीआईपी इलाके 'चार इमली' में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सरकारी बंगले डी-11/03 के ताले तोड़कर पानी के नल और सामान चोरी कर लिया, यह बंगला स्पेशल डीजी के आवास के ठीक सामने स्थित है।
Ajay Vishnoi

अजय विश्नोई/ इमेज सोर्स- फेसबुक

Bhopal: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का सबसे सुरक्षित और वीवीआईपी माना जाने वाला ‘चार इमली’ इलाका अब बदमाशों के निशाने पर है. रविवार दोपहर दिनदहाड़े चोरों ने पाटन से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी आवास में सेंध लगा दी. हैरानी की बात यह है कि चोरी वाली जगह स्पेशल डीजी के बंगले के ठीक सामने है.

डीजी आवास के सामने हुई वारदात

यह घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है. विधायक अजय विश्नोई को चार इमली में डी-11/03 सरकारी बंगला आवंटित है. चोरों ने सूने बंगले का फायदा उठाकर दरवाजों के ताले तोड़ दिए. जिन दरवाजों के ताले नहीं खुले, उनके कुंडे तक उखाड़ दिए. बदमाश बंगले के अंदर से पानी की टोटियां और अन्य सामान चुराकर आसानी से फरार हो गए. सबसे बड़ी बात, इतनी बड़ी वारदात के दौरान वहां मौजूद किसी भी सुरक्षाकर्मी को भनक तक नहीं लगी.

महीने में 3-4 दिन ही रहते हैं विधायक

विधायक अजय विश्नोई ज्यादातर समय जबलपुर में रहते हैं. वे महीने में सिर्फ 3-4 दिन ही भोपाल प्रवास पर आते हैं. बाकी समय बंगला खाली रहता है. रविवार को जब वे बंगले पहुंचे तो ताले टूटे देखकर चोरी का पता चला.घटना की सूचना उन्होंने विधानसभा को दी. इसके बाद हबीबगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.

वीवीआईपी जोन में लगातार अपराध

चार इमली में मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के बंगले हैं. लेकिन यहां लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं. इस चोरी से 3-4 दिन पहले ही इसी इलाके में एक अन्य अधिकारी के खाली मकान में भी चोरी हुई थी. इससे पहले 23 सितंबर 2025 को भी सुरक्षा में बड़ी चूक हुई थी.

आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष रात में पत्नी के साथ टहलने निकले थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके 2 मोबाइल लूट लिए थे. पुलिस ने दो दिन में आरोपी पकड़ लिए थे, लेकिन इस तरह की घटनाएं रुक नहीं रही हैं.लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं ने चार इमली की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है.

ये भी पढ़ेंः छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरे जयराम महतो! बिना पानी बैठे उपवास पर, विधानसभा मार्च का ऐलान

ज़रूर पढ़ें