सागर शराब कांड में प्रशासन का बड़ा एक्शन, यूपी कनेक्शन सामने आने बाद 12 गिरफ्तार
पुलिस ने 12 लोगों को किया गिरफ्तार
Sagar Liquor Tragedy: मध्य प्रदेश के सागर के बंडा क्षेत्र में कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से करीब 10 से ज्यादा मौतें हुई हैं. वहीं कई गंभीर लोगों का इलाज भी जारी है, इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है. दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्यवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा है कि पकड़े गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है.
12 लोगों किया गया गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सागर जिले में उत्तर प्रदेश के ललितपुर के शराब माफियाओं का रैकेट सक्रिय था और यह ललितपुर से नकली शराब बना कर कम दामों पर सागर जिले के बंडा ब्लॉक में सप्लाई करता था. पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया है कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनसे पूछताछ कर इस रैकेट के सरगना तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
दोषी पर की जाएगी कार्रवाई-पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया
उन्होंने कहा कि इसका सोर्स यूपी के ललितपुर में हो सकता है क्योंकि पिछले दिनों ललितपुर में नकली और अवैध शराब की सप्लाई में ऐसे ही गिरोह को धर दबोचा था, जिसमें आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि वह सागर के बंडा क्षेत्र में नकली शराब की सप्लाई करते थे. उन्होंने आगे कहा कि जो इस हादसे में आरोपी पाया जाएगा उस कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले के बाद प्रशासन की तरफ से लोगों से अपील की गई है कि जिन लोगों ने भी बीते 24 या 48 घंटों में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, बुखार, सिरदर्द, घबराहट या धुंधलापन महसूस हो रहा है. वे एहतियात के तौर पर बिना देरी किए तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी स्क्रीनिंग कराएं. हालांकि डॉक्टरों की टीम ने भी आस पास के गांवों में पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग भी शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: सागर में 10 लोगों की संदिग्ध मौत से हड़कंप, दूषित शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका
जिम्मेदार को बख्शा नहीं जाएगा- डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा
इस पूरे मामले पर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सागर जिले के बंड्डा शाहगढ़ क्षेत्र में शराब पीने के कारण कुछ लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है.मैंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी ली है. आबकारी आयुक्त मौके पर पहुंच रहे हैं.
हादसे के पीछे कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
सागर जिले के बंड्डा शाहगढ़ क्षेत्र में शराब पीने के कारण कुछ लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है।
— Jagdish Devda (@JagdishDevdaBJP) September 6, 2026
मैंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी ली है। आबकारी आयुक्त मौके पर पहुंच रहे हैं।
हादसे के पीछे कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
माननीय…
माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए हैं. सरकार इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी. मेरी गहरी संवेदनाएं प्रभावित जन के साथ हैं.