‘चौड़ाई थोड़ी सी….’, कैलाश विजयवर्गीय का आपत्तिजनक बयान, Video
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का आपत्तिजनक बयान
Kailash Vijayvargiya Controversial Statement: मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर से उनके बयान की चर्चा हो रही है. उन्होंने महिला पार्षद को लेकर ऐसी बात कह दी कि अब इस पर विवाद हो गया है. कांग्रेस ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है.
कैलाश विजयवर्गीय ने क्या कहा?
इंदौर के वार्ड नंबर 6 में 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पहुंचे थे. इसी कार्यक्रम में संबोधन के दौरान उन्होंने महिला पार्षद को लेकर कहा कि दीदी की भी चौड़ाई बढ़ गई है थोड़ी सी. इसके साथ ही वे ठहाके मारकर हंस दिए. अब उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
कांग्रेस ने साधा निशाना
कांग्रेस ने कैलाश विजयवर्गीय के बयान को बॉडी शेमिंग बताया है. कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने कहा कि सार्वजनिक मंच से सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री द्वारा एक महिला पार्षद के शरीर हास्यापद टिप्पणी करना निंदनीय है. यूं तो भारतीय जनता पार्टी महिला सम्मान की बात करती है लेकिन अपनी ही महिला पार्षद पर, उनकी शारीरिक बनावट और रुपरेखा पर सार्वजनिक टिप्पणी करती है और उपहास उड़ाती है. ये निश्चित तौर पर भारतीय जनता पार्टी का चरित्र बताता है कि महिला के प्रति कितना सम्मान है? ये उनके लिए परंपरा बन गई है.
ये भी पढ़ें: 192 घंटे का नियम, ड्यूटी कराई 392 घंटे, इंदौर में PG डॉक्टर ने सुसाइड की कोशिश की, अब कमेटी करेगी जांच
पहले भी कई बयान चर्चा में रहे
- साल 2023 में उन्होंने लड़कियों के कपड़ों को लेकर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि खराब अथवा छोटे कपड़े पहनने वाली लड़कियां शूर्पणखा की तरह दिखती हैं
- साल 2025 में दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से कथित छेड़छाड़ मामले में कहा था कि खिलाड़ियों को सार्वजनिक रूप से बाहर निकलने से पहले अपनी सुरक्षा अथवा स्थानीय प्रशासन को जानकारी देना चाहिए.