CM मोहन यादव आज करेंगे ‘सुगम परिवहन सेवा’ की शुरुआत, जानें कितना होगा बसों का किराया
एमपी में आज से चलेंगी सरकारी बसें
CM Mohan Yadav Inaugurates Today: आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के नागरिकों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. राजधानी भोपाल के BHEL दशहरा मैदान में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहेंगे. इस कार्यक्रम के दौरान ही डॉ. मोहन यादव प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा‘ की शुरुआत करेंगे. सरकार का यह फैसला यात्रियों के हित में है, क्योंकि अब यात्री बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सकेंगे.
ये सरकारी बसें अभी प्रदेश के सात जिलों में संचालित होंगी, जिनमें राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, देवास, भिंड और कटनी जैसे शहर शामिल हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि इन सरकारी बसों का किराया कितना होगा.
21 साल बाद सरकारी बसें दौड़ेंगी
मध्य प्रदश की सड़कों पर 21 साल बाद सरकारी बसें दौड़ेंगी. सरकार का कहना है कि इन बसों के संचालन से लोगों की यात्रा आसान और सुगम हो सकेगी. प्रदेश परिवहन विभाग के अनुसार, आगे चलकर सभी जिलों और शहरों में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक बसों का संचालन भी किया जाएगा.
कितना होगा किराया?
बता दें कि प्रदेश में कई प्राइवेट बसें चल रही हैं, जिनका किराया बहुत अधिक है. निजी बसों के मालिक अपने हिसाब से किराया तय कर देते हैं, जिससे यात्रियों के लिए सफर करना काफी महंगा हो जाता है. इस बीच राहत की बात यह है कि सरकार ने आज से शुरू होने वाली सरकारी बसों का किराया भी निर्धारित कर दिया है.
परिवहन विभाग के अनुसार, इन सरकारी बसों का किराया 2 रुपये प्रति किलोमीटर रहेगा. इस तय किराए का अधिक बोझ आम जनता और यात्रियों पर नहीं पड़ेगा और वे बेहद कम खर्च में आरामदायक व सुविधाजनक यात्रा कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें-MP में 5 दिन बैंक रहेंगे बंद, तीन दिनों में निपटा लें जरूरी काम, 7000 ब्रांच में कामकाज रहेगा ठप
बसों में ये रहेंगी सुविधाएं
- CCTV कैमरा: महिलाओं और सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर बस में CCTV कैमरे लगे होंगे. बस के अंदर क्या चल रहा है, इस पर कमांड सेंटर से पूरी नजर रखी जाएगी.
- पैनिक बटन: किसी भी इमरजेंस या खतरे के समय यात्री बस में लगा पैनिक बटन दबा सकेंगे. यह बटन दबाते ही तुरंत पुलिस और कंट्रोल रूम को खबर मिल जाएगी.
- लाइव ट्रैकिंग (VLTD): हर बस में लोकेशन ट्रैक करने वाला डिवाइस लगा होगा. इससे यात्री अपने मोबाइल पर देख सकेंगे कि बस इस समय कहाँ है और कितनी देर में पहुँचेगी.