रोज की सिर्फ एक आदत बदलकर रखें अपने दिल को स्वस्थ, डॉक्टर ने बताया आसान तरीका
हार्ट अटैक से कैसे बचें
Doctor Advice Healthy Heart Habit: आजकल कम उम्र में भी लोगों में दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है. इसकी एक बड़ी वजह हमारी बदलती लाइफस्टाइल है. घंटों तक कुर्सी पर बैठकर काम करना, लगातार मोबाइल और कंप्यूटर की स्क्रीन देखना और शारीरिक गतिविधि कम होना शरीर पर बुरा असर डाल रहा है. इसके साथ ही फास्ट फूड और प्रोसेस्ड खाना भी हमारी सेहत के लिए परेशानी बढ़ा रहा है. यही वजह है कि युवाओं में मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याएं तेजी से देखने की मिल रही हैं.
रोजाना एक्सरसाइज को बनाएं अपनी आदत
डॉ. अमित कुमार मलिक के अनुसार, दिल को स्वस्थ रखने के लिए सबसे जरूरी बदलाव यह है कि एक्सरसाइज को अपनी रोज की दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए. इसके लिए घंटों जिम में पसीना बहाना जरूरी नहीं है. रोजाना करीब 30 से 45 मिनट की शारीरिक गतिविधि भी काफी फायदेमंद हो सकती है. इसके लिए आप अपनी पसंद के हिसाब से पैदल चलना, साइकिल चलाना, तैराकी या कोई पसंदीदा खेल चुन सकते हैं.
एक्सरसाइज सिर्फ वजन घटाने के लिए नहीं
अक्सर लोग कसरत को केवल वजन कम करने का तरीका समझते हैं, लेकिन इसका फायदा इससे कहीं ज्यादा है. नियमित शारीरिक गतिविधि शरीर को एक्टिव रखने के साथ-साथ दिल की सेहत के लिए भी महत्वपूर्ण है. इसलिए एक्सरसाइज को सिर्फ वजन घटाने का साधन न मानें, बल्कि इसे अपनी रोज की सेहत का जरूरी हिस्सा बनाएं.
ये भी पढ़ें-आंखों की सेहत लिए संजीवनी हैं ये 10 सुपरफूड, रूटीन में करें शामिल फिर देखें कमाल
एक्सरसाइज में नियमितता सबसे ज्यादा जरूरी
कसरत कितनी कठिन है, इससे ज्यादा जरूरी यह है कि आप उसे कितनी नियमितता से करते हैं. अगर आप रोज अपनी क्षमता के अनुसार शारीरिक गतिविधि करते हैं, तो यह आपकी जीवनशैली को ज्यादा एक्टिव बनाने में मदद कर सकती है. इसलिए बहुत ज्यादा मेहनत करने के बजाय ऐसी गतिविधि चुनें जिसे आप लंबे समय तक आसानी से जारी रख सकें.