रेलवे का बड़ा तोहफा! भोपाल, इटारसी और बीना से गोरखपुर तक नियमित चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
अमृत भारत एक्सप्रेस
Amrit Bharat Express: भोपाल मंडल के रेल यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू हो गई है. चरापल्ली और गोरखपुर के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन अब नियमित रूप से अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी. इससे इटारसी, भोपाल और बीना के यात्रियों को उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सफर के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी.
शुक्रवार को चरापल्ली से रवाना होगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 22075 चरापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को रात 9:45 बजे चरापल्ली से रवाना होगी. यह ट्रेन काजीपेट, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर और बैतूल होते हुए अगले दिन दोपहर 12:05 बजे इटारसी पहुंचेगी. इसके बाद दोपहर 1:50 बजे भोपाल और शाम 4 बजे बीना पहुंचेगी. यहां से झांसी, उरई, पोखरायन, कानपुर, ऐशबाग, लखनऊ, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा होते हुए अगले दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
रविवार को गोरखपुर से होगी वापसी
गाड़ी संख्या 22076 गोरखपुर-चरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 4 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार को सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से चलेगी. यह ट्रेन रात 9:10 बजे बीना और रात 11:05 बजे भोपाल पहुंचेगी. इसके बाद अगले दिन रात 12:40 बजे इटारसी पहुंचेगी. यहां से बैतूल, नागपुर, बल्हारशाह समेत अन्य स्टेशनों से होते हुए ट्रेन चरापल्ली पहुंचेगी.
उत्तर भारत के प्रमुख शहरों से सीधा संपर्क
इस ट्रेन के नियमित संचालन से भोपाल मंडल के यात्रियों को नागपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, गोमती नगर और गोरखपुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी. वहीं दक्षिण दिशा में चरापल्ली, काजीपेट, पेद्दापल्ली और मंचेरियल तक पहुंचना भी आसान होगा.
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
दोनों दिशाओं में ट्रेन चरापल्ली, काजीपेट जंक्शन, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर जंक्शन, बैतूल, इटारसी जंक्शन, भोपाल जंक्शन, बीना जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, उरई, पोखरायन, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी जंक्शन और गोंडा जंक्शन समेत निर्धारित स्टेशनों पर रुकेगी.
ये भी पढे़ं- CG Train Cancelled: दिसंबर में 6 एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी रद्द, यात्रा से पहले चेक करें ट्रेन का स्टेटस