कौन हैं एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित? बने भारतीय वायुसेना के नए चीफ, 20 तरह के फाइटर जेट्स उड़ाने में हैं माहिर

भारतीय वायुसेना को नया प्रमुख मिल गया है. एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का नया चीफ नियुक्त किया गया है. उनके पास करीब 3500 घंटों तक उड़ान भरने का अनुभव है.
Air Marshal Ashutosh Dixit (1)

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित

भारतीय वायुसेना को नया प्रमुख मिल गया है. एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का नया चीफ नियुक्त किया गया है. वह अभी तक भारतीय वायुसेना में डिप्टी चीफ की भूमिका निभा रहे थे, लेकिन अब आसमान में करीब 3,500 घंटे उड़ान का अनुभव रखने वाले आशुतोष दीक्षित को इंडियन एयरफोर्स की कमान सौंप दी गई है. आइए नए वायुसेना प्रमुख के बारे में विस्तार से जानते हैं.

9 दिसंबर 1966 को हुआ था जन्म

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का जन्म 9 दिसंबर 1966 को हुआ था. उन्हें 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था. एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को उनकी विशिष्ट सेवा के लिए 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है.

20 तरह के फाइटर जेट्स उड़ाने में हैं माहिर

वह साउथ वेस्टर्न एयर कमांड में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर भी रह चुके हैं. साथ ही, वह वायुसेना की सदर्न एयर कमांड के एयर डिफेंस कमांडर भी रहे हैं. एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 20 से ज्यादा अलग-अलग तरह के फाइटर जेट्स और परिवहन विमानों पर उड़ान का व्यापक अनुभव है. उन्होंने मिराज-2000, मिग के विभिन्न वेरिएंट, एचपीटी-32, एएन-32, एवरो, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस जैसे विमानों पर उड़ान भरी है.

कई अभियानों में निभाई अहम भूमिका

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को नीले आसमान में करीब 3,500 घंटों तक उड़ान भरने का अनुभव है. उन्होंने अपने चार दशक के करियर में वायुसेना के कई महत्वपूर्ण अभियानों में अपनी सहभागिता निभाई और कई ऑपरेशनों को लीड भी किया है. वह अपने सेवा करियर में ऑपरेशन रक्षक, कोप इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों और सैन्य अभ्यासों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं.

एयर मार्शल दीक्षित को स्वदेशी एलसीए तेजस और भारतीय विमानन परियोजनाओं को वायुसेना में बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है. ऐसे में उनसे सरकार की आत्मनिर्भर भारत पहल को और मजबूती देने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ेंः ‘हमारा फोकस 3 पर नहीं, 403…’, अखिलेश यादव का बड़ा बयान, SP नहीं उतारेगी राज्यसभा में तीसरा प्रत्याशी?

ज़रूर पढ़ें