अभिनेता रघुवीर यादव को मिलेगा किशोर कुमार सम्मान, 13 अक्टूटबर को खंडवा में सजेगी गीतों की महफिल
अभिनेता रघुवीर यादव को मिलेगा किशोर कुमार सम्मान
Khandwa News: किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा एक बार फिर उनकी यादों और गीत-संगीत से सराबोर होगी. मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से पुलिस ग्राउंड में 12 और 13 अक्टूबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह एवं गीत-संगीत संध्या आयोजित की जाएगी.
वर्ष 2026 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान प्रसिद्ध अभिनेता रघुवीर यादव को अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया जाएगा. किशोर सांस्कृतीक प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 12 अक्टूबर को शाम 7 बजे ‘ये शाम मस्तानी’ गीत-संगीत संध्या से होगी. इसमें खंडवा के युवा गायक कलाकार प्रस्तुति देंगे.
13 अक्टूबर को सम्मान और सुदेश भोसले की प्रस्तुति
किशोर कुमार की पुण्य स्मृति के अवसर पर 13 अक्टूबर को शाम 7 बजे मुख्य समारोह होगा. इसमें अभिनेता रघुवीर यादव को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान-2026 से अलंकृत किया जाएगा. सम्मान के बाद मुंबई के प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले एवं साथी गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे. दोनों दिन कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा.
1997 से दिया जा रहा सम्मान
राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत वर्ष 1997 में हुई थी। अब तक सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा और गीत लेखन के लिए 29 विभूतियों को यह सम्मान दिया जा चुका है. सम्मान के तहत 5 लाख रुपए की करमुक्त राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है.
‘प्रधान जी’ से नई पीढ़ी में भी बनाई पहचान
सम्मानित कलाकार रघुवीर यादव का जन्म 25 जून 1957 को जबलपुर में हुआ. रंगमंच से अभिनय की शुरुआत करने के बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली से प्रशिक्षण लिया. वर्ष 1985 में आई फिल्म ‘मैसी साहब’ से उन्हें फिल्मों में पहचान मिली. इसके बाद ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग किरदारों को जीवंत किया. हाल के वर्षों में वेब सीरीज ‘पंचायत’ के ‘प्रधान जी’ के किरदार से वे नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी खासे लोकप्रिय हुए हैं.
ये भी पढे़ं- ‘Ram-Nami’ डॉक्यूमेंट्री को मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, छत्तीसगढ़ के रामनामी समुदाय को मिली राष्ट्रीय पहचान