जबलपुर एयरपोर्ट पर ‘यात्री सेवा अभियान’ का समापन, हाउसकीपिंग कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

हवाई यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर जबलपुर की डुमना एयरपोर्ट पर चलाए गए 'यात्री सेवा अभियान' का समापन हो गया है.
Jabalpur airport

जबलपुर एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारी

हवाई यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर जबलपुर की डुमना एयरपोर्ट पर एक विशेष अभियान चलाया गया. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण AAI जबलपुर विमानपत्तन पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ का सफल समापन हुआ. कार्यवाहक विमानपत्तन निदेशक ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, सेवा की गुणवत्ता में सुधार करना तथा विमानपत्तन परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री संतुष्टि को बढ़ावा देना था.

इन सुविधाओं पर दिया गया विशेष ध्यान

इस अभियान के तहत यात्रियों का आत्मीय स्वागत, विनम्र व्यवहार और सहयोगात्मक दृष्टिकोण के साथ सुखद यात्रा अनुभव पर विशेष ध्यान दिया गया. यात्रियों के कल्याण और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, दंत चिकित्सा जांच शिविर और नेत्र जांच शिविर आयोजित किए गए. विमानन क्षेत्र की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को विमानपत्तन भ्रमण कराया गया और विमानन क्षेत्र में अवसरों की जानकारी दी गई.

हाउसकीपिंग कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

एयरपोर्ट पर स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले हाउसकीपिंग कर्मचारियों को उनके समर्पण और सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया. स्वच्छता मानकों, पेयजल सुविधा, बैठने की व्यवस्था, दिशासूचक संकेतकों, उड़ान संबंधी सूचनाओं की समीक्षा की गई. वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं और शिकायतों के प्रभावी निवारण पर विशेष ध्यान दिया गया.

एयर पोर्ट के अधिकारियों ने कहा है कि ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ‘सेवा, स्वच्छता, सहयोग एवं मुस्कान के साथ सेवा’ की भावना को दर्शाता है और जबलपुर विमानपत्तन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.

ये भी पढ़ें: Indore: ‘गुंजाइश न हो तो विवाह न खीचें’, हाई कोर्ट ने कहा-सहमति से तलाक के लिए 6 महीने का इंतजार जरूरी नहीं

ज़रूर पढ़ें