भोपाल रेल मंडल का बड़ा फैसला, TTE की ड्रेस पर लगेंगे कैमरे, अब बवाल होगा रिकॉर्ड!
सांकेतिक तस्वीर
Bhopal News: मध्य प्रदेश में पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने टिकट चेकिंग के दौरान होने वाली यात्री और रेलवे कर्मचारियों के बीच विवाद को को देखते हुए इसका सच रिकॉर्ड करने के लिए स्टाफ के लिए 56 बॉडी वियरिंग कैमरों का ऑर्डर दिया है.
स्टाफ की बॉडी पर लगे इन कैमरों में कर्मचारी और यात्री के बीच होने वाली सभी बातचीत को रिकॉर्ड किया जाएगा. इन रिकॉर्डिंग से शिकायतों की जांच में दोनों पक्षों की बात और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करना आसान होगा. इसके पीछे रेलवे का मानना है कि इस पहल से टिकट चेकिंग की प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और यात्रियों के साथ ही रेलवे कर्मचारियों को भी सुरक्षा मिलेगी.
2 से 3 महीनों में शुरू करने की तैयारी
स्टॉफ और यात्रियों के बीच इस रिकॉर्डिंग प्रक्रिया के बारे में भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि मंडल में पिछले करीब दो सालों से बॉडी वियरिंग कैमरों की जरूरत महसूस की रही थी. इस जरूरत को पूरा करने के लिए इन कैमरों को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है. वहीं आने वाले 2 से 3 महीनों में कैमरों को इस्तेमाल शुरू करने की पूरी तैयारी है.
डीसीएम सौरभ कटारिया ने कहा कि टिकट चेकिंग स्टाफ यात्रियों के सीधे संपर्क में रहता है. कई बार बिना टिकट के यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ जब कार्रवाई की जाती है तो उनसे विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है. इसके बाद यात्री स्टॉफ के खिलाफ शिकायत करते हैं और बताते हैं कि चेकिंग के दौरान स्टॉफ ने उन्हें परेशान किया या फिर उनकी बात नहीं सुनी.
यात्रियों की इन शिकायतों पर रेलवे को घटनाक्रम की पुष्टि करनी होती है और पूरे मामले की जांच करनी पड़ती है, जिसमें काफी समय लगता है. वहीं रेल मदद पर मिलने वाली शिकायतों का भी मंडल स्तर पर विश्लेषण किया जाता है. बॉडी वियरिंग कैमरों से रिकॉर्डिंग मिलने पर घटनाक्रम क्या था और उस समय स्टॉफ और यात्री की भूमिका क्या रही इसको जानने में आसानी होगी.
वंदे भारत और शान-ए-भोपाल से होगी शुरूआत
भोपाल रेल मंडल सबसे पहले महत्वपूर्ण ट्रेनों में इन कैमरों को इस्तेमाल करेगा. इसमें शामिल है शान-ए-भोपाल, वंदे भारत और भोपाल मंडल से शुरू या फिर गुजरने वाली अन्य प्रमुख ट्रेनें शामिल होंगी. इसके साथ ही अगले चरण में और अधिक ट्रेनों में टिकट चेकिंग स्टाफ को कैमरों से लैस करने की योजना बनाई जाएगी.
ये भी पढे़ें- त्योहारों पर यात्रियों को रेलवे की सौगात! इंदौर-जोधपुर समेत 6 ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच