CG News: ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, भाजपा मंडल महामंत्री की दर्दनाक मौत
सीजी न्यूज
Baikunthpur Suresh Kumar Sidar Death: कोरिया जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. यहां एक तेज रफ्तार टिपर ट्रक ने बाइक सवार भाजपा नेता को रौंद दिया. हादसे में भाजपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.यह हादसा कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के खदौरा गांव का है.
यह है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार, खदौरा गांव में पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार टिपर ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.मृतक की पहचान बचरा पोड़ी निवासी सुरेश कुमार सिदार के रूप में हुई है.
पूर्व सांसदों-विधायकों के साथ स्मृति ईरानी की बैठक, 2028 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर हुई चर्चा
महामंत्री के पद पर थे सुरेश
सुरेश सिदार भाजपा के बचरा पोड़ी मंडल में महामंत्री के पद पर थे. वे पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता माने जाते थे. बताया जा रहा है कि सुरेश सिदार किसी काम से बाइक से जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी.
बैकुंठपुर पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना पर बैकुंठपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने टिपर ट्रक को जब्त कर लिया है, वहीं चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है. परिवार में इस हादसे के बाद कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.