Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तुफान का असर! बस्तर में बारिश से बढ़ी चिंता, 28 अक्टूबर को स्कूलों की छूट्टी
मौसम
Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका ने बस्तर संभाग में चिंता बढ़ा दी है. बीते दिनों आई भीषण बारिश और बाढ़ की त्रासदी से उबर रहे बस्तर के सामने अब एक बार फिर मौसम की चुनौती खड़ी हो गई है.
संभावित खतरे और स्कूली बच्चों को आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए संभाग के छह जिलों में 28 अक्टूबर, बुधवार को स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है. इनमें बस्तर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर और नारायणपुर जिले शामिल हैं.
शिक्षा कार्यालय ने जारी किया आदेश
बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार बुधवार को जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल बंद रहेंगे. आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान और अत्यधिक बारिश की आशंका के मद्देनजर लिया गया है.
ताकि विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में संभावित परेशानियों से बचाया जा सके. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. संभाग के अन्य जिलों में भी संबंधित प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के तहत अवकाश घोषित किया गया है.
बिलासपुर में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 और 28 अक्टूबर को दक्षिण बस्तर के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इसमें दंतेवाड़ा, सुकमा, और बीजापुर जिले शामिल थे. वहीं 29 अक्टूबर को बिलासपुर संभाग में भी रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है.
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी मौसम बदल गया है. मौसम विभाग ने शहर में लगातार बारिश वाले बादल छाए रहने की संभावना जताई है. विभाग का कहना है कि रायपुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी.
ये भी पढे़ं- CG Weather News: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा, छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट