‘चोरी पकड़ी गई फ‍िर किया SIR का ऐलान…’ मॉक पार्लियामेंट में खड़गे बोले- जानबूझकर हटाए वोटर

INDIA Bloc Public Impeachment: द‍िल्‍ली में कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मॉक पार्लियामेंट आयोज‍ित की गई. जिसमें मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार हटाने के लिए जनमहाभियोग लाए.

INDIA Bloc Public Impeachment: देश की राजधानी दिल्‍ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मॉक पार्लियामेंट आयोजित की गई. जिसमें तमाम विपक्षी नेता शामिल हुए. इस पार्लियामेंट की अध्यक्षता पूर्व स्पीकर मीरा कुमार ने की. इस कार्यक्रम में कांग्रेस सहित 19 दल के नेता शामिल हैं. पहले यह कार्यक्रम शुक्रवार को होने वाला था, जिसे बाद में टाल द‍िया गया. कार्यक्रम में बोलते हुए खड़गे ने कहा कि वोट का अधिकार खतरे में है, हम लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं.

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि CEC ज्ञानेंद्र कुमार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के सीधे निर्देशों पर चुनाव आयोग चला रहे हैं. सात महीने पहले, विपक्ष के 193 सांसदों ने संसद के दोनों सदनों में CEC को हटाने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया था. लेकिन, हमारे नोटिस खारिज कर दिए गए और उन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया. इसलिए, आज हम जो प्रस्ताव लाए हैं.

मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताई अपनी मांगें

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- हमारी मांग है सीईसी को तत्काल पद से हटाकर 2023 का कानून रद्द हो. SIR को रोका जाए. संसद की अनुमति के बिना फॉर्म-6 बदला गया. जानबूझकर वोटर हटाए गए. खगड़े ने कहा कि जब इनकी चोरी पकड़ी गई तभी इन्होंने SIR का ऐलान कर द‍िया.

उन्‍होंने आगे कहा कि उसका उद्देश्य एक संवैधानिक संस्था की गरिमा की रक्षा करना है. CEC के खिलाफ हमारी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. हमारा मकसद यह है कि चुनाव आयोग संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्ष होकर काम करे. ताकि आम आदमी का उस पर भरोसा बना रहे. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कमजोर वर्गों, महिलाओं और युवाओं के वोटिंग अधिकार, दिल्ली में बैठे किसी व्यक्ति द्वारा चुपके से कंप्यूटर से हटा न दिए जाएं.

सांसदों को चुराया, राजनीतिक दलों को तोड़ा- खगड़े

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 2014 से, सत्ता हथियाने और उसे बनाए रखने के लिए हर मुमकिन साजिश रची गई है. उन्होंने सांसदों को चुराया है, राजनीतिक दलों को तोड़ा है, सरकारों को गिराया है, और इलेक्टोरल बॉन्ड, ED तथा CBI का इस्तेमाल किया है. खड़गे ने आरोप लगाया कि वह लोग अब वोट चुरा रहे हैं. हमारे पास वोटों की ऐसी चोरी के सैकड़ों उदाहरण हैं.

खड़गे ने कहा कि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम या फ्रांस को ही लें. इनमें से कई देशों में, लोकतंत्र की स्थापना के तुरंत बाद महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं दिया गया था. लेकिन भारत एक ऐसा देश है, जिसने अपना संविधान लागू होते ही सभी को यह अधिकार दे दिया. इसने महिलाओं, दलितों, वंचितों और गरीबों को उनकी पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना यह अधिकार दिया. उस समय भी, RSS ने इस अधिकार पर आपत्ति जताई थी और इसका विरोध किया था.

इस कार्यक्रम में मीरा कुमार ने क्या कहा?

इस महाभियोग कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता मीरा कुमार ने कहा, ‘यह तय किया गया है कि ‘इंडिया’ गठबंधन एक बैठक बुलाएगा, जिसमें ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव लाया जाएगा. राज्यसभा में यह महाभियोग प्रस्ताव विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे पेश करेंगे, जो इसके बाद एक बयान भी देंगे.

उन्‍होंने आगे कहा कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है. एशिया, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका समेत दुनिया भर के देश हमारी ओर देखते हैं और हमारे लोकतंत्र के मॉडल का अनुसरण करते हैं’.

ये भी पढ़ें:कौन है वो महिला पत्रकार जिससे जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने की शादी, आज दिल्ली में खास रिसेप्शन

ज़रूर पढ़ें