CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में 45 डिग्री पहुंचा पारा, रायपुर, बिलासपुर समेत इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल
छत्तीसगढ़ का मौसम
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में लगातार भीषण गर्मी बढ़ती जा रही है. रविवार को राजनांदगांव जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में छत्तीसगढ़ में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है. वहीं मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों के लिए हिट वेव का अलर्ट भी जारी किया है.
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में हीट वेव का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी पड़ रही है. अगले 5 दिन में अधिकतम तापमान में खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक 20 अप्रैल को रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में हीट वेव चलने का अलर्ट है. छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया.
इन जगहों पर बारीश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को कुछ इलाकों में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई है. इसमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और महासमुंद में गरज-चमक, आंधी बारिश की संभावना है.
ये भी पढ़ें- जग्गी हत्याकांड: अमित जोगी को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत, अब 23 अप्रैल को होगी सुनवाई
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
भीषण गर्मी को देखते हुए आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बेवजह बाहर निकलने से बचने को कहा गया है. लू से बचने के लिए अपने शरीर को ढंक कर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी या तरल पदार्थों का सेवन करने की अपील की गई है. लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है. पानी की कमी और तेज धूप के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने लोगों से लू के लक्षणों को नजरअंदाज न करने और सतर्क रहने को कहा है.