सुकमा समेत तीन जिलों के 50 गांवों की बदलेगी तस्वीर, विकास के लिए मिलेंगे 1-1 करोड़ रुपये
डिप्टी सीएम विजय शर्मा
CG News: छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब बस्तर संभाग में विकास को लेकर राज्य सरकार भरसक प्रयास कर रही है. शहरों के साथ-साथ गांवों में विकासात्मक कार्यों को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है. सरकार ने इसके लिए प्लान तैयार कर लिया है.’नक्सल मुक्त प्रस्ताव’ पारित किया गया है. इसके तहत गांवों में विकास के लिए एक-एक करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी.
किन जिलों के गांवों को मिलेगी राशि?
राज्य सरकार ने शुरुआती चरण के लिए बस्तर संभाग के 50 गांवों को चिह्नित किया है. इसमें सुकमा के 20, बीजापुर के 20 और नारायणपुर के 10 गांव शामिल हैं. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन में हुई बैठक में इस बात की जानकारी दी. इसके साथ ही नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए निर्देश दिया है.
‘नक्सलमुक्त गांवों में फहराया जाएगा तिरंगा’
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ऐसे आरोपी जो नक्सल मामलों में जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ गंभीर मामले नहीं है. ऐसे सभी आरोपियों को विधि सम्मत समीक्षा करके जल्द से जल्द रिहा करने की प्रक्रिया करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस संबंध में समीक्षा बैठक जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) को सभी नक्सलमुक्त गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा. इससे एकता, जनभागीदारी और विश्वास का संदेश गांव-गांव तक पहुंचेगा.
ये भी पढ़ें: बस्तर में रील बनाने के चक्कर में जान से खिलवाड़! चित्रकोट सर्किट हाउस की छत पर चढ़े लोग, महिला ने बनाई रील
पीएम आवास योजना का मिले लाभ
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल पीड़ित और पुनर्वासित किए गए परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए. इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि जिन इलाकों में बड़ी नक्सली घटनाएं हुई हैं, वहां स्मारक बनाए जाएं. इससे शहीदों और पीड़ितों की मेमोरी को सम्मान मिल सके.