अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर डॉग स्क्वॉड का कमाल, जवानों के साथ किया योगाभ्यास
डॉग स्क्वॉड ने जवानों के साथ किया योग
CG News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कांकेर स्थित सीटीजेडब्ल्यू (CTJW) कॉलेज में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान YC कोर्स-87 में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया. कार्यक्रम में कॉलेज के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी भाग लेकर योग के महत्व का संदेश दिया.
योग दिवस पर डॉग स्क्वॉड ने जवानों के साथ किया योगाभ्यास
योग दिवस की सबसे खास बात यह रही कि जवानों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त डॉग्स ने भी विभिन्न योग गतिविधियों में हिस्सा लिया. जवानों और डॉग्स के बीच तालमेल और अनुशासन का यह दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा. कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संदेश दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ जीवन के लिए बेहद आवश्यक है.
ये भी पढ़ें- अंबिकापुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन, सीएम विष्णु देव साय ने किया योग
सीटीजेडब्ल्यू कॉलेज परिसर में आयोजित योग सत्र में प्रशिक्षुओं ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए. प्रशिक्षित डॉग्स की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया. योगाभ्यास के बाद अधिकारियों ने सभी को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया और इसके लाभों की जानकारी दी। कांकेर के सीटीजेडब्ल्यू कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया, जहां जवानों के साथ प्रशिक्षित डॉग्स ने भी योग कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।