बस्तर दशहरा में बड़ा हादसा, विजय रथ के पहिए के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत
बस्तर दशहरा विजय रथ (फाइल फोटो)
CG News: छत्तीसगढ़ के विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में भीतर रैनी की रस्म शुरू होने से पहले एक दर्दनाक हादसा हो गया. आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और विजय रथ को रोक दिया गया. सूचना मिलने पर एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया.
भीतर रैनी की रस्म से पहले हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बस्तर दशहरा की परंपराओं में भीतर रैनी का विशेष महत्व है. इस रस्म के तहत माता दंतेश्वरी के छत्र को आठ चक्कों वाले विजय रथ पर विराजित करने के बाद गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है. इस पारंपरिक आयोजन को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंचते हैं. बुधवार को भी रथ की परिक्रमा देखने के लिए हजारों लोग जुटे थे. इसी दौरान एक व्यक्ति रथ के पहिए की चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई.
रथ पर सवार नहीं हुआ था माता दंतेश्वरी का छत्र
हादसा उस समय हुआ, जब विजय रथ पर माता दंतेश्वरी का छत्र विराजित नहीं किया गया था. बस्तर दशहरा की परंपरा के मुताबिक, मावली परघाव की रस्म पूरी होने के बाद माता दंतेश्वरी के छत्र को विजय रथ पर सवार कराया जाता है. इसके बाद रथ की गोलबाजार में परिक्रमा होती है.
भारी भीड़ के बीच मची अफरा-तफरी
भीतर रैनी की रस्म के दौरान भारी भीड़ जुटने के कारण कई बार धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन जाती है. इसी भीड़ के बीच परिक्रमा शुरू होने से पहले यह हादसा हुआ. घटना के बाद रथ को रोककर मौके पर जरूरी कार्रवाई की गई. फिलहाल मृतक की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है.
ये भी पढे़ं- दो दिन छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, यहां पढ़ें मिनट टू मिनट कार्यक्रम