गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में गाना गाते समय प्रोफेसर की हार्ट अटैक से हुई मौत, कुलपति ने दी थी पार्टी
मृतक प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह
CG News: बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल के 5 साल का कार्यकाल पूरा होने पर पार्टी का आयोजन किया गया था. जिसमें दर्दनाक हादसा हो गया. यहां विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई.
गाना गाते समय प्रोफेसर की हार्ट अटैक से हुई मौत
दरअसल, जानकारी के मुताबिक, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल के पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में पार्टी का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम के दौरान प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह ने मंच पर गीत प्रस्तुत किया. गाना समाप्त होने के कुछ देर बाद वे बाथरूम गए, जहां वे अचानक गिर पड़े. उन्हें तत्काल सहायता पहुंचाई गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. घटना के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई और चल रहा कार्यक्रम तत्काल बंद कर दिया गया.
शुक्रवार शाम को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए रजत जयंती सभागार (ऑडिटोरियम) में कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें प्रो. शैलेंद्र कुमार ने भी गीत प्रस्तुत किए. शाम 6.30 बजे तक वे पांच गीत गा चुके थे, लेकिन छठा गीत गाने के दौरान उन्हें बेचैनी महसूस हुई. उन्होंने गाना बीच में ही रोक दिया.
कौन है प्रो.शैलेंद्र कुमार
प्रो. शैलेंद्र कुमार गुरु केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण थे. उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से पीएचडी. की और कंक्रीट प्रौद्योगिकी, स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग और फ्रैक्चर मैकेनिक्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय शोध कार्य किए. विश्वविद्यालय में वे कार्यवाहक कुलसचिव, प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक और विभिन्न प्रशासनिक पदों पर भी सेवाएं दे चुके थे. छात्र कल्याण, शैक्षणिक प्रशासन और अनुसंधान में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें सम्मानपूर्वक याद किया जाता है.
ये भी पढ़ें- नारायणपुर में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, नक्सलियों के छिपाए हथियार और विस्फोटक सामान किए बरामद