Durg: दुर्ग में अवैध पनीर स्टोरेज का भंडाफोड़, बॉयज हॉस्टल की आड़ में चल रहा था कारोबार
नकली पनीर का भंडाफोड़
Durg: दुर्ग जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हो रहे पनीर स्टोरेज का भंडाफोड़ किया है. यह पूरा काला कारोबार शैल देवी महाविद्यालय के सामने स्थित एक बॉयज हॉस्टल की आड़ में चलाया जा रहा था. बाहर से देखने पर यह एक सामान्य छात्रावास प्रतीत होता था, लेकिन भीतर बड़े पैमाने पर पनीर का भंडारण और सप्लाई नेटवर्क फैला हुआ था.
अवैध पनीर स्टोरेज का भंडाफोड़
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जब टीम ने मौके पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए. बिना किसी वैध लाइसेंस या मानक प्रक्रियाओं के पनीर का भंडारण किया जा रहा था. हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही संचालक ने अधिकांश माल ठिकाने लगा दिया था, फिर भी टीम ने 140 किलो पनीर जब्त करने में सफलता हासिल की, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई जा रही है.
बॉयज हॉस्टल की आड़ में चल रहा था कारोबार
हैरानी की बात यह है कि मौके से नोट गिनने की मशीन और एक बड़ी तिजोरी भी बरामद हुई है. इससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि यहां से लाखों का अवैध कारोबार रोजाना संचालित होता था. विभाग ने पनीर के सैंपल लेकर लैब भेज दिए हैं.
ये भी पढ़ें- Raipur: रायपुर में अफीम-डोडा तस्कर गिरफ्तार, पंजाब से ट्रेलर में छिपाकर लाया 15 लाख का माल, ऐसे हुआ खुलासा
फिलहाल जांच इस बात पर टिकी है कि यह अवैध और असुरक्षित पनीर किन होटलों या बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था. इस खुलासे के बाद से स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं.