कान्स फिल्म फेस्टिवल में छाई छत्तीसगढ़ की फिल्म ‘आरजे बस्तर’, मूवी में दिखा आदिवासी युवती का स्ट्रगल, लोगों ने की सराहना

CG News: छत्तीसगढ़ की पृष्ठभूमि पर तैयार की गई फिल्म ‘आरजे बस्तर’ ने 79वें कान्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अपनी खास मौजूदगी दर्ज कराई है.
Film ‘RJ Bastar

फिल्म ‘आरजे बस्तर

CG News: छत्तीसगढ़ की पृष्ठभूमि पर तैयार की गई फिल्म ‘आरजे बस्तर’ ने 79वें कान्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अपनी खास मौजूदगी दर्ज कराई है. फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ इसका स्वागत किया. संवेदनशील कहानी और समाज को मजबूत संदेश देने वाली इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय मंच पर काफी सराहना मिली.

संघर्ष और सपनों की कहानी

फिल्म का निर्देशन मनीष माणिकपुरी ने किया है, जबकि निर्माण पवन कुमार सिंह ने पीकेएस प्रोडक्शन के बैनर तले किया है. कहानी एक आदिवासी युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेडियो जॉकी बनने का सपना देखती है. फिल्म में उसके संघर्ष, आत्मविश्वास और अपने सपनों को हासिल करने की जिद को बेहद सहज और प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है.

दर्शकों ने की जमकर तारीफ

फेस्टिवल में मौजूद दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने खास तौर पर ग्रामीण और आदिवासी जीवन के वास्तविक चित्रण की तारीफ की. कई लोगों ने इसे भारत के दूरस्थ इलाकों की अनकही कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण फिल्म बताया.

कलाकारों की मजबूत टीम

फिल्म में ‘पंचायत’ वेब सीरीज से पहचान बनाने वाले चंदन रॉय अहम भूमिका में दिखाई दिए हैं. उनके अलावा चित्राशी रावत, नेहा साहू, हर्ष राजपूत, संजय महानंद, सुनील तिवारी, पुष्पेंद्र सिंह, पवन कुमार गुप्ता, संगीता निषाद, आरती नागरे, अनुनेय शर्मा और आशीष झा ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं. वहीं फिल्म के गीतों को शान, कृष्णा बेओरा और अनुराग शर्मा ने अपनी आवाज दी है.

रिलीज से पहले बढ़ा उत्साह

कान्स में मिली सराहना के बाद अब फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है. माना जा रहा है कि रिलीज के बाद ‘आरजे बस्तर’ गांव, आदिवासी समाज और युवाओं के सपनों से जुड़ी एक ऐसी कहानी बनकर उभरेगी, जिससे लोग खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे.

ये भी पढे़ं- CG News: सऊदी ग्रैंड प्रिक्स 2026 में छत्तीसगढ़ के लाल का कमाल! प्रतियोगिता में अनिमेष ने जीता 1 गोल्‍ड और 1 सिल्‍वर पदक

ज़रूर पढ़ें