‘अपने सलाहकारों को बदलिए, बेड़ा गर्क कर चुके हैं’, भूपेश बघेल के पोस्ट पर पंकज झा का पलटवार
पंकज झा और भूपेश बघेल(File Photo)
CG News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सलाहकार पंकज झा के बीच चल रही बयानबाजी से सूबे की सियासत गरमा गई है. भूपेश बघेल की पोस्ट पर पंकज झा ने पलटवार किया है. उन्होंने भूपेश बघेल से अपने सलाहकारों को बदलने की नसीहत दे डाली है.
‘एक पोस्ट लिखने के लिए आपके लोग धमकाते थे’
पंकज झा ने अपने पत्र में लिखा, ‘ भूपेश जी आपको जवाब देता हूं तो आप नाराज हो जाते हैं. फिर भी एक मुफ्त की सलाह देना चाहता हूं. कृपया अपने सलाहकारों को बदल लीजिए. ये आपका बेड़ा गर्क कर चुके हैं, आगे भी रही-सही कसर ये आपके लिए पूरी करते रहेंगे. भाजपा को अपने प्रचार-प्रसार के लिए किसी शासकीय संस्थान की आवश्यकता नहीं है. मैं संवाद में ही बैठता हूं और एक-एक कच्चा चिट्ठा जानता हूं. जब यहां से आपके लोग क्या करते थे. परिणाम भी आपको मिल गया.
जब एक एक पोस्ट लिखने के लिए आपके लोग धमकाते थे, जेल भेज देते थे, राजद्रोह तक का मुकदमा दर्ज कर देते थे, तब भी भाजपा के कार्यकर्ता सोशल मीडिया में आपके सरकार की वादाखिलाफी, आपके घोटाले और आपकी सरकार के नकारेपन को जनता तक पूरी ताकत से पहुंचाते रहे थे.’
‘आपके तमाम लटके-झटके धरे रह गए’
पंकज झा ने आगे लिखा, ‘तब के शासकीय संसाधनों का बुरी तरह दुरुपयोग करने के बावजूद कहीं भी आपके लोग कंपीट नहीं कर पाते थे, जवाब नहीं दे पाते थे क्योंकि कोई जवाब था ही नहीं उनके पास. आपके तमाम लटके-झटके, गुलाटी मारना आदि धरे के धरे रह गए और सत्य की पगडंडी पकड़ कर राष्ट्रवादी वीरों ने आपकी लंका लगा दी थी. अभी भी आपके प्रभार वाले राज्यों में क्या हुआ है, उसे सबने देखा ही है.
‘आपने खुद का मजाक बना लिया है’
पंकज झा ने भूपेश बघेल से कहा है कि धमकी की भाषा का इस्तेमाल करने से आप खुद अपना माजक बना लिया है. झा ने कहा, ‘आप अपने सलाहकारों से अधिक अनुभवी हैं. फिर भी सोशल मीडिया हैंडलर के नाम पर जो अशालीन और फुरसतिया लोगों की फौज खड़ी कर ली है, उससे मुक्ति पाइये और ढंग के कुछ मुद्दे ले कर आइए. धमकी चमकी की भाषा कृपया उपयोग कृपया नहीं कीजिए. उससे कोई लाभ नहीं होता. देश में संविधान का शासन है. यहां इस स्थिति में कोई नहीं है जो असहमत लोगों को चुप करा सके. स्वयं का इतना मजाक मत बनाइये. कृपया फेसबुक पोस्ट करने वालों को भी बदल लीजिये. उन्हें हुले-हुले या बदज़ुबानी करने के सिवा कुछ भी नहीं पता है.’
ऐसी वैसी बातों से तो अच्छा है खामोश रहो,
या कुछ ऐसी बात कहो,जो खामोशी से अच्छी हो’
भूपेश बघेल ने क्या कहा था?
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने फेसबुक पर पोस्ट करके कहा था कि उनके और कांग्रेस के खिलाफ नेताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ में एआई वीडियो का प्रोडक्शन हाउस चल रहा है. बघेल ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद को अब भाजपा कार्यालय, नवा रायपुर का बोर्ड लगा लेना चाहिए. गुजरात की एजेंसियों के माध्यम से मेरी और साथी कांग्रेस नेताओं की छवि धूमिल करने के लिए AI वीडियो का प्रोडक्शन हाउस अब छत्तीसगढ़ संवाद बन गया है. वहां ना केवल राजनैतिक वीडियो बन रहे हैं बल्कि अलग-अलग सोशल मीडिया एकाउंट का संचालन और उनकी पोस्टिंग भी वहीं से हो रही है. आप लोग मीटिंग में खूब कहते रहिए कि ये बात बाहर नहीं जानी चाहिए लेकिन दीवारों के भी कान होते हैं. आप लोग खाकी पैंट पहनिए, कमल का बिल्ला लगाइए और कार्यालय का नाम भी बदल दीजिए. बस इतना याद रखिएगा कि घड़ी रुकने से समय नहीं रुकता. सब षड्यंत्रों का हिसाब होगा.’
ये भी पढे़ं: CG News: CSPDCL ने शुरू की ऑनलाइन बिजली कनेक्शन सुविधा, घर बैठे कर सकेंगे आवेदन