Balod: शीतला मंदिर से चोरों ने हजारों के आभूषण किए पार, पुलिस तलाश में जुटी
बालोद
Balod: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से बड़ी खबर आ रही है. यहां एक बार फिर चोरों ने मंदिर में लूट की वारदात को अंजाम दिया है. जी हां, इस बार लुटेरों ने शीतला माता मंदिर को निशाना बनाया. बता दें कि, रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने गुरूर के शीतला मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
क्या है पूरा मामला
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक रात के समय जब मंदिर बंद था, तब अज्ञात चोर मंदिर में घुसे और आभूषणों को लेकर फरार हो गए. सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो चोरी का पता चला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. चोरों ने मंदिर से हजारों रुपए के आभूषण पार कर दिए हैं. चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
थाने में मामला दर्ज
पूरे घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर के पुजारी ने थाने में मामला दर्ज कराया है. बताया जा रहा है कि, मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी किरण चव्हाण ने इस पर विशेष टीम गठित की है. डीएसपी माया शर्मा के द्वारा मामले की मॉनिटरिंग की जा रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है.
पुलिस के मुताबिक जल्द ही अज्ञात चोरों की गिरफ्तारी हो सकती है. गुरूर के शीतला मंदिर में चोरी की इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि हाल ही में, जिले के मंदिरों में चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं. कुछ दिनों पहले ही, बालोद जिला मुख्यालय से सटे देवारभाट गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो मंदिरों को निशाना बनाया. चोर हनुमान मंदिर, सुरूजडीहीवारिन मइया मंदिर से चांदी का मुकुट और दानपेटी से कैश ले गए.