किफायती दरों पर मिलेगी ताजी सब्जियां, दुर्ग में शुरू हुई ‘सब्जी की टोकरी’

दुर्ग. शहरवासियों को किफायती दरों पर ताजी, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां उपलब्ध कराने नगर निगम दुर्ग ने अभिनव पहल शुरू की है.

दुर्ग. शहरवासियों को किफायती दरों पर ताजी, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां उपलब्ध कराने नगर निगम दुर्ग ने अभिनव पहल शुरू की है. सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर नाका स्थित वार्ड 21 के पंचरत्न गार्डन में ‘सब्जी की टोकरी’ केंद्र का शुभारंभ महापौर अलका बाघमार ने किया. यहां नागरिकों को फल और सब्जियां उपलब्ध होंगी. निगम की योजना शहर के करीब 10 प्रमुख स्थानों पर ऐसे केंद्र शुरू करने की है.

 महापौर ने कहा कि ‘सब्जी की टोकरी’ का उद्देश्य लोगों को उनके आसपास ही ताजी, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां उचित एवं किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कीटनाशक और रसायन मुक्त फल-सब्जियां उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे. इससे नागरिकों को सुविधाजनक और व्यवस्थित बाजार की सुविधा मिल सकेगी.

10 स्थानों पर शुरू होंगे बाजार

नगर निगम ने शहर में करीब 10 स्थानों को इस पहल के लिए चिन्हित किया है. इनमें वार्ड 51 स्थित नाना-नानी पार्क सहित अन्य स्थान शामिल हैं. प्रथम चरण में वार्ड 21 और वार्ड 51 में बाजारों का संचालन शुरू किया गया है. शेष आठ चिन्हित स्थानों पर इसी महीने के भीतर केंद्र शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन केंद्रों का लाभ उठाएं.

हर केंद्र पर दो महिलाओं को रोजगार

‘सब्जी की टोकरी’ योजना को महिला सशक्तिकरण से भी जोड़ा गया है. प्रत्येक केंद्र पर दो महिलाओं को रोजगार दिया जाएगा. इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा. महापौर ने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल फल-सब्जियां उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी है.

पीपीपी मॉडल पर विकसित होंगे बाजार

पूरी परियोजना पीपीपी मॉडल पर आधारित है. निगम के अनुसार इन बाजारों के जरिए शहर में व्यवस्थित तरीके से फल-सब्जियों की बिक्री सुनिश्चित की जाएगी. इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर ताजी और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध होने के साथ शहर के स्वच्छ एवं स्मार्ट स्वरूप को भी बढ़ावा मिलेगा. इस अवसर पर एमआईसी सदस्य लीना दिनेश देवांगन, पार्षद विद्यावती सिंह, अरुण सिंह, चंद्रिका चंद्राकर, कुमुद बघेल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur News: बिल्ली ने निगल लिया 10 सेंटीमीटर लंबा पेन, बिना चीरफाड़ के आधे घंटे में निकाला बाहर

ज़रूर पढ़ें