दुर्ग में तेज रफ्तार का कहर, अलग-अलग सड़क हादसों में गई 2 की जान, जांच में जुटी पुलिस
सड़क हादसे में दो की मौत
Durg: दुर्ग जिले में दो भीषण सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों ही मामलों में स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
अलग-अलग सड़क हादसों में गई 2 की जान
दरअसल, पहली घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के आमापारा निवासी दीनू साहू (34 वर्ष) बुधवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल (CG 07 DD 4248) पर सवार होकर राजनांदगांव स्थित अपने पैतृक गांव जा रहा था. रसमढ़ा बायपास रोड के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में दीनू के सिर पर गंभीर चोट आई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दीनू अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और अपने पीछे 5 साल का बेटा और गर्भवती पत्नी छोड़ गया है.
दूसरा हादसा हथखोज इंजीनियरिंग पार्क के पास हुआ. यहां बीआरडब्ल्यू फैब्रिकेशन कंपनी में काम करने वाले मजदूर सुनील विश्वकर्मा को एक तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन (CG 13 D 6439) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए अपनी चपेट में ले लिया. गंभीर रूप से घायल सुनील को सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर अज्ञात ट्रक और हाइड्रा चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक और हाइड्रा वाहन चालक की तलाश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.