राजनांदगांव में दो प्रमुख सड़कें बनेंगी फोरलेन, बायपास के लिए जमीन खरीदी-बिक्री पर लगी रोक

Rajnandgaon Four Lane Project: राजनांदगांव. शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए राजनांदगांव में बायपास सहित दो प्रमुख सड़कों को फोरलेन बनाने की तैयारी तेज हो गई है.
barwani betul national highway upgrade

सांकेतिक तस्वीर

राजनांदगांव. शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए राजनांदगांव में बायपास सहित दो प्रमुख सड़कों को फोरलेन बनाने की तैयारी तेज हो गई है. इन सड़क परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन ने संबंधित गांवों में भूमि के अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है. पहले बायपास के दायरे में आने वाले 6 गांवों में यह रोक लगाई गई थी, वहीं अब 8 नए गांवों को भी इसके दायरे में शामिल किया गया है.

बायपास निर्माण के लिए प्रस्तावित मार्ग से प्रारंभिक आकलन में करीब 400 से 450 आवासीय मकानों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. इतनी बड़ी संख्या में मकानों के प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए लोक निर्माण विभाग अब मार्ग के वैकल्पिक संरेखण पर विचार कर रहा है. विभाग की कोशिश है कि बायपास का रूट इस तरह निर्धारित किया जाए, जिससे कम से कम मकानों को हटाने की जरूरत पड़े. इससे भूमि अधिग्रहण के साथ पुनर्वास और मुआवजे पर होने वाला आर्थिक बोझ भी कम किया जा सकेगा.

दो प्रमुख सड़कों को भी बनाया जाएगा फोरलेन

बजट में राजनांदगांव शहर की दो महत्वपूर्ण सड़कों को फोरलेन बनाने का प्रावधान किया गया है. इसमें जीई रोड स्थित राम दरबार (रायपुर नाका) से लखोली तक करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क और मठपारा से राजनांदगांव बायपास तक करीब 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है. इन दोनों सड़कों के निर्माण के लिए भी भूमि संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

राम दरबार से लखोली मार्ग के लिए ग्राम लखोली तथा मठपारा से बायपास मार्ग के लिए लखोली और नंदई की जमीनों पर भूमि संबंधी गतिविधियों पर रोक लगाने का प्रस्ताव दिया गया था. इसके आधार पर कलेक्टर ने संबंधित क्षेत्रों में भूमि अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री प्रतिबंधित करने का आदेश जारी किया है.

पहले 6, अब 8 नए गांव भी प्रतिबंध के दायरे में

बायपास परियोजना के लिए पूर्व में मनकी, सुंदरा, पार्टीनाला, गठुला, ढाबा और पेंड्री गांवों में जमीन की खरीदी-बिक्री सहित अन्य राजस्व गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया था. अब लोक निर्माण विभाग के नए प्रस्ताव पर बरगाही, अचानकपुर भाठागांव, धरमापुर, भेड़ीकला, बोरी, लिटिया, तोरनकट्टा और बजरंगपुर नवागांव में भी यह प्रतिबंध लागू कर दिया गया है. इस तरह बायपास परियोजना से जुड़े कुल 14 गांवों में भूमि संबंधी गतिविधियों को नियंत्रित करने की कार्रवाई की गई है.

25 नवंबर को भेजा गया था प्रस्ताव

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने 25 नवंबर को कलेक्टर को पत्र भेजकर बजट में शामिल सड़क परियोजनाओं के लिए आवश्यक राजस्व कार्रवाई करने का प्रस्ताव दिया था. इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित गांवों की जमीनों पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए. फिलहाल विभाग का ध्यान बायपास के अंतिम रूट निर्धारण, भूमि अधिग्रहण और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने पर है. मार्ग का अंतिम स्वरूप तय होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. परियोजनाएं पूरी होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने के साथ बाहरी वाहनों की आवाजाही भी सुगम होने की उम्मीद है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें