इंस्टाग्राम पर Tata Power Solar का फेक ऐड दिखाकर 11 लाख की ठगी, बिहार के बोधगया से 2 साइबर ठग गिरफ्तार
बोधगया से साइबर ठग गिरफ्तार
Rajnandgaon News: राजनांदगांव साइबर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इंस्टाग्राम पर Tata Power Solar कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का झांसा देकर 11 लाख 36 हजार रुपये की ठगी करने वाले 2 साइबर ठगों को बिहार के बोधगया से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी किराये के मकान में बैठकर पूरे देश में ठगी का नेटवर्क चला रहे थे.
कैसे करते थे ठगी?
आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर Tata Power Solar में डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम से फर्जी विज्ञापन लिंक बनाया था. इस लिंक पर नाम, पता, मोबाइल नंबर और ईमेल भरते ही पूरा डाटा आरोपियों के पास पहुंच जाता था. फिर आरोपी खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर फोन करते थे और डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का झांसा देते थे.
भरोसा जीतने के लिए कंपनी के नाम से फर्जी दस्तावेज बनाकर ईमेल पर भेजते थे. फिर रजिस्ट्रेशन शुल्क, सोलर सिस्टम मशीन की अग्रिम कीमत और अधिकारियों के आने-जाने के खर्च के नाम पर अलग-अलग किश्तों में पैसे जमा करवा लेते थे.
11 लाख 36 हजार की ठगी
व्यक्ति से जुलाई और अगस्त 2026 में अलग-अलग किश्तों में कुल 11,36,123 रुपये की ठगी की गई. साइबर थाना राजनांदगांव में अपराध क्रमांक 03/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
फर्जी सिम और म्यूल खातों का खेल
ठगी की रकम के लिए आरोपी पश्चिम बंगाल के कोलकाता से कमीशन पर फर्जी सिम और बैंक खाते लेते थे. रकम इन्हीं म्यूल खातों में जमा कराई जाती थी, फिर ATM और फोन पे से निकाल ली जाती थी. रकम को दोनों आरोपी आपस में और अन्य सहयोगियों के साथ कमीशन पर बांटते थे.


