CG News: भिलाई के होटल में 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट की संदिग्ध मौत, भाई बोला- लड़की के साथ रूम में था, आत्महत्या नहीं, हत्या हुई है

CG News: मंगलवार शाम अपनी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड के साथ होटल में ठहरा था. देर रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
19-year-old youth Shadab

19 वर्षीय युवक शादाब

CG News: भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय युवक शादाब का शव मिलने से सनसनी फैल गई. शादाब जवाहर नगर स्थित अटल आवास का रहने वाला था और म्यूजिक आर्टिस्ट के तौर पर पियानो बजाता था. वह मंगलवार शाम अपनी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड के साथ होटल में ठहरा था. देर रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेज दिया है.

होटल के कमरे में मिला शव

जानकारी के अनुसार, शादाब और उसकी गर्लफ्रेंड ने मंगलवार शाम होटल में कमरा लिया था. कुछ समय बाद युवक के दोस्तों को सूचना मिली कि वह बेहोश हो गया है. जब दोस्त और परिजन होटल पहुंचे तो युवती ने कमरे का दरवाजा खोला. अंदर शादाब बेड पर मृत अवस्था में मिला, जबकि पंखे से स्कार्फ का फंदा लटका हुआ था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

परिजनों ने आत्महत्या की आशंका पर उठाए सवाल

मृतक के परिवार ने इस मामले को आत्महत्या मानने से इनकार किया है. परिजनों का कहना है कि शादाब के शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिससे मामला संदिग्ध नजर आता है. उन्होंने आरोप लगाया कि युवक की हत्या की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. परिवार ने पुलिस से सभी पहलुओं की गहन जांच करने की मांग की है.

भाई ने लगाए गंभीर आरोप

शादाब के भाई अल्ताफ शेख ने बताया कि उसका भाई पिछले करीब छह महीने से युवती के साथ रिश्ते में था. उनका आरोप है कि दोनों के बीच विवाद हुआ था और युवती ने शादाब के साथ मारपीट की. उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के बाद युवती पूरी रात शव के साथ कमरे में रही. परिवार ने होटल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कराने की मांग की है.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. होटल कर्मचारियों और युवती से पूछताछ की जा रही है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढे़ं- Durg: नाबालिगों ने किडनैप कर 5 घंटे तक घुमाया, फिर 2 युवकों से मारपीट कर 87 हजार लूटे, आरोपी गिरफ्तार

ज़रूर पढ़ें