भोरमदेव में जंगल सफारी की शुरुआत, 34 किलोमीटर लंबे ट्रैक में दुरदुरी झरना, बावापारा सकरी नदी का भी मिलेगा व्यू
भोरमदेव में शुरू होगा जंगल सफारी
CG News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा में भोरमदेव अभयारण्य में जंगल सफारी की शुरूआत हो गई है. यह पर्यटन प्रेमियों के लिए एक नया रोमांचक हॉट स्पॉट बनेगा. राज्य सरकार की पहल पर यहां 34 किलोमीटर लंबे जंगल सफारी ट्रैक की शुरुआत हो चुकी है, जो इको-टूरिज्म को नई ऊंचाई देने वाली साबित होगी.
भोरमदेव में जंगल सफारी की शुरुआत
यह सफारी न केवल घने जंगलों और विविध वन्यजीवों का करीब से अनुभव कराएगी, बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को भी पर्यटकों के सामने प्रस्तुत करेगी. भोरमदेव मंदिर के समीप स्थित यह अभयारण्य 352 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और कान्हा-अचानकमार वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसमें दुरदुरी झरना, बावापारा 360-डिग्री पहाड़ी व्यू- प्वाइंट और सकरी नदी के कई रास्ते शामिल हैं.
इको टूरिज्म की पहल के रूप में होगा काम
इको-टूरिज़्म पहल के हिस्से के रूप में, इको-कॉटेज, नेचर ट्रेल्स और गाइडेड सफारी जैसी सुविधाओं की भी योजना बनाई गई है. स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूह वनांचल रसोई नाम का फूड आउटलेट चलाएंगे, जहां क्षेत्रीय व्यंजन परोसे जाएंगे, साथ ही हस्तशिल्प गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- शहादत को सलाम…शहीद संजय गढ़पाले का शव पहुंचा गांव, रोते-बिलखते परिजनों ने दी अंतिम विदाई, गांववालों की आंखे भी हुई नम
इस मौके पर वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद संतोष पांडे तथा डिप्टी सीएम विजय शर्मा मौजूद रहे. उद्घाटन के बाद अतिथियों ने स्वयं जंगल सफारी का अनुभव लिया और इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की. वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है और यहां अभी भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें आने वाले समय में विकसित किया जाएगा. वहीं सांसद संतोष पांडे और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी इस पहल को जिले और प्रदेश के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि भोरमदेव न केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए बल्कि धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में भी प्रसिद्ध है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को बहुआयामी अनुभव मिलेगा.