शहादत को सलाम…शहीद संजय गढ़पाले का शव पहुंचा गांव, रोते-बिलखते परिजनों ने दी अंतिम विदाई, गांववालों की आंखे भी हुई नम
शहीद संजय गढ़पाले को दी गई अंतिम विदाई
CG News: शनिवार को छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट हुआ था. इस हादसे में सुरक्षाबल के 4 जवान शहीद हो गए थे. रविवार सुबह नारायणपुर और कांकेर में शहीद जवानों को श्रंद्धाजलि दी गई. इस दौरान सुरक्षाबल के अधिकारियों के साथ शहीद के परिजन भी मौजूद थे. जवानों के शहादत की खबर मिलने के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
संजय गढ़पाले को दी गई अंतिम विदाई
शहीद जवान संजय गढ़पाले का पार्थिव शरीर जैसे ही उसके गांव हाराडूला पहुंचा तो यहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. परिजन जहां भावुक थे वहीं, ग्रामीणों ने शहीद संजय अमर रहें के नारे लगाए. उसके बाद नम आंखों से शहीद संजय को अंतिम विदाई दी गई. वहीं, हादसे में शहीद हुए अन्य तीन जवानों को सलामी देने के बाद शव उनके गांव भेज दिया गया.
कुछ दिन पहले ही हुई थी सगाई
परिजनों ने बताया कि संजय गढ़पाले की सगाई हो गई थी. अगले साल 15 जनवरी को उनकी शादी होनी थी, लेकिन किसे पता था कि सगाई के बाद ही वह देश की सेवा के लिए शहीद हो जाएगा.
शनिवार को हुआ था हादसा
दरअसल, सरेंडर कर चुके पूर्व नक्सलियों से सुरक्षाबल के जवानों को इनपुट मिला था कि जंगली इलाके में हमने बारूदी सुरंग बिछाया है. जिसके बाद सुरक्षाबल के जवान शनिवार सुबह कोरोसकोडा के जंगल में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे. इसी दौरान नक्सलियों की बिछाई गई IED को डिप्यूज करते समय अचानक जोरदार धमाका हुआ.