Raipur: रायपुर के प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप
Raipur: राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. विधानसभा थाना क्षेत्र की इस फैक्ट्री में आधे घंटे पहले लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया है. मौके पर दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, वहीं पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात है.
मौके पर पहुंची दमकल की टीम
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग को जानकारी दी गई. दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. फैक्ट्री में रखे सामान को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का सही आंकलन अभी नहीं हुआ है. राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है और पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा.
डीएसपी ने की घटना की पुष्टि
विधानसभा डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने आग लगने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौके पर पुलिस टीम जुटी हुई है। फायर ब्रिगेड टीम की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। सावधानी की दृष्टि से स्थानीय लोगों को मौके से हटाया गया है।