Chhattisgarh News: नगर निगम की सामान्य सभा में जमकर हंगामा, महापौर बोली- मैं मेहंदी लगाकर नहीं बैठी हूं…

नगर निगम अंबिकापुर की सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गई. इस बीच महापौर ने ये कहा कि मैं मेहंदी लगाकर नहीं बैठी हूं. इस दौरान बैठक में महापौर मंजूषा भगत और नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली.

Chhattisgarh News: अंबिकापुर। नगर निगम अंबिकापुर की सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गई. बैठक के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच जमकर नोकझोंक हुई. विवाद बढ़ने पर सामान्य सभा की बैठक को कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी. इस बीच महापौर ने ये कहा कि मैं मेहंदी लगाकर नहीं बैठी हूं.

बैठक में महापौर मंजूषा भगत और नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। हंगामे के कारण नगर निगम की सामान्य सभा में कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा.

‘महिला महापौर समझकर विपक्ष करता है हमला’

हंगामे के बीच महापौर मंजूषा भगत ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष उन्हें महिला महापौर समझकर इस तरह निशाना बना रहा है. उन्होंने शहर के विकास के लिए नगर निगम को मिले करीब 100 करोड़ रुपये का जिक्र करते हुए कहा कि विकास के लिए राशि मिली है, इसलिए विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है. महापौर ने कहा कि, “मैं मेहंदी लगाकर नहीं बैठी हूं.” उन्होंने शहर की खराब सड़कों को लेकर विपक्ष के सवालों पर कहा कि कुछ सड़कें खराब हैं और इसके लिए वह शहर की जनता से माफी मांगती हैं. उन्होंने दावा किया कि आगामी दो माह में शहर की सड़कों को ठीक करा दिया जाएगा.

पेयजल में घोटाले का आरोप

वहीं नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पेयजल व्यवस्था में घोटाले का आरोप लगाया. उन्होंने नगर निगम से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर महापौर और सत्ता पक्ष को घेरा.

रिश्वत मांगने के ऑडियो का मुद्दा गरमाया

सामान्य सभा की बैठक में कलाकेंद्र मैदान को किराये पर देने के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत मांगने के वायरल ऑडियो का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठा. नेता प्रतिपक्ष ने इस मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

इसी मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते सदन में हंगामा शुरू हो गया. स्थिति को देखते हुए सामान्य सभा की बैठक को कुछ देर के लिए स्थगित करना पड़ा.

बैठक में हुए हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप के बाद अब नगर निगम की सामान्य सभा में उठाए गए मुद्दों और कथित रिश्वत मांगने के ऑडियो पर होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं.

ये खबर भी पढ़ेंः Chhattisgarh News: छात्राओं ने कहा- गार्ड मालिश करवाती है, वर्दी भी धोने कहती है

ज़रूर पढ़ें