Raipur: संघ की भूमिका और वैचारिक विमर्श पर आधारित चर्चित फिल्म ‘आखिरी सवाल’ की स्क्रीनिंग संपन्न
फिल्म 'आख़िरी सवाल' की स्क्रीनिंग
छत्तीसगढ़ यंग थिंकर्स फोरम द्वारा आयोजित चर्चित हिंदी फ़िल्म ‘आख़िरी सवाल’ की विशेष स्क्रीनिंग आज रायपुर के पंडरी स्थित PVR सिटी सेंटर मॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई. इस विशेष प्रदर्शन में विभिन्न आयु वर्गों के नागरिकों, शिक्षकों, प्राध्यापकों, युवाओं, व्यवसायिक वर्ग, सेवानिवृत्त शासकीय अधिकारियों एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही.
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप जूदेव, लोकतंत्र सेनानी संघ के अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता तथा छत्तीसगढ़ यंग थिंकर्स फ़ोरम के संयोजक उज्ज्वल दीपक विशेष रूप से उपस्थित रहे.

फ़िल्म “आख़िरी सवाल”
फ़िल्म “आख़िरी सवाल” राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका, उसकी विचारधारा, राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान तथा उससे जुड़े वैचारिक प्रश्नों को केंद्र में रखकर निर्मित की गई है. फ़िल्म की संवेदनशील प्रस्तुति, प्रभावशाली संवाद और अभिनेता संजय दत्त सहित अन्य कलाकारों के सशक्त अभिनय ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया.
स्क्रीनिंग के बाद दर्शकों के बीच चर्चा
स्क्रीनिंग के पश्चात उपस्थित दर्शकों के बीच राष्ट्रवाद, शिक्षा, सामाजिक दायित्व एवं वैचारिक विमर्श जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा भी देखने को मिली. आयोजकों ने इसे केवल एक फ़िल्म प्रदर्शन नहीं, बल्कि वैचारिक संवाद और सामाजिक चिंतन को प्रोत्साहित करने वाला सार्थक प्रयास बताया.
छत्तीसगढ़ यंग थिंकर्स फ़ोरम ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे वैचारिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों का क्रम जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें: बाघों की कब्रगाह बना कान्हा नेशनल पार्क! एक और टाइगर की मौत, पिछले एक महीने में 8 मौतें