राज्योत्सव समापन समारोह में शामिल होने रायपुर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, सीएम साय ने किया स्वागत
रायपुर. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंच गए. वे दोपहर 2.40 बजे विशेष विमान से रायपुर पहुंचे. उनके आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया. अमित शाह अपने प्रवास के दौरान राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इसके साथ ही वे नवा रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे. (Amit Shah Raipur Rajyotsava 2026)
माता कौशल्या की पावन भूमि एवं प्रभु श्री राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ आगमन पर माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी का हार्दिक अभिनंदन। छत्तीसगढ़ के प्रति आपका आत्मीय स्नेह हम सभी के लिए शक्ति और विश्वास का संबल है। प्रदेश की शांति, सुरक्षा और विकास के प्रति आपकी प्रतिबद्धता एवं सतत सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के हमारे संकल्प को नई शक्ति और प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को नया विश्वास प्रदान करता है। छत्तीसगढ़ महतारी की इस पुण्य धरा पर आपका समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हृदय से स्वागत है। जय जोहार 📍स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय विमानतल, रायपुर @AmitShah
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) November 3, 2026
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर 3.10 से 4.20 बजे तक अर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 4.55 से 5.10 बजे तक नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित विकसित भारत संकल्प पार्क पीपल वन का लोकार्पण करेंगे. शाम 5.25 से 5.55 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है. (Amit Shah Raipur Rajyotsava 2026)
इसके बाद शाम 6 बजे नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे. इस अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह भी आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा.
लोककला और बॉलीवुड संगीत से सजेगी अंतिम शाम
राज्योत्सव के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं, आदिवासी संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी. मुख्य मंच पर पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले अपनी प्रस्तुति देंगी, वहीं बॉलीवुड के लोकप्रिय पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य के गीतों से समारोह की अंतिम शाम सजेगी. शिल्पग्राम में भी प्रदेश के विभिन्न अंचलों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और लोकजीवन की झलक पेश करेंगे.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः PM Cares योजना: बालोद की बेटी को मिली 10 लाख की सहायता

