छत्तीसगढ़ में अब इस तारीख से खुलेंगे स्कूल, 46 दिनों का रहेगा अवकाश, पहली कक्षा में एडमिशन के लिए उम्र 6 साल होगी
सांकेतिक तस्वीर.
Chhattisgarh New Academic Session: छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश के सभी स्कूलों के खुलने की तारीख में बदलाव होने वाला है. अगले सेशन से विद्यालय 16 जून के बजाय 1 अप्रैल से खुलेंगे. स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया है. विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य में वर्तमान में शिक्षा सत्र का संचालन 16 जून से 30 अप्रैल तक प्रभावी रहता है. इसे आगामी सत्र से 1 अप्रैल से 31 मार्च किया जाएगा.
46 दिनों का ग्रीष्मकालीन अवकाश
राज्य सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP) के तहत फैसला लिया है. स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल तथा अन्य शिक्षा मंडलों से संचालित स्कूलों में शिक्षा सत्र का संचालन 1 अप्रैल से 31 मार्च तक प्रभावी रहता है. वहीं, छत्तीसगढ़ में शिक्षा सत्र 16 जून से 30 अप्रैल तक संचालित होता है. अब इसे बदलकर 1 अप्रैल से 31 मार्च किया जा रहा है. अब बच्चों को 1 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश मिलेगा, यानी 46 दिनों की छुट्टियां रहेंगी.
पहली कक्षा में एडमिशन के लिए उम्र तय
अलग-अलग कक्षाओं में प्रवेश के लिए बच्चों की उम्र की स्थिति 1 अप्रैल 2027 से मान्य होगी. नर्सरी के लिए 3 से 4 साल के बीच, केजी-1 के लिए 4 से 5 साल के बीच, केजी-2 के लिए 5 से 6 साल के बीच और कक्षा पहली के लिए न्यूनतम आयु 6 साल होनी चाहिए.
पहले क्या व्यवस्था थी?
दरअसल, छत्तीसगढ़ में 16 जून से स्कूल खुलते हैं. इसके बाद विद्यार्थियों को किताबें, ड्रेस, साइकिल समेत दूसरे सामान बांटे जाते हैं. प्रवेश संबंधी अन्य काम भी किए जाते हैं. इस वजह से नियमित पढ़ाई में देर हो जाती है. शैक्षणिक सत्र बदलने के बाद इसमें बदलाव होगा. पढ़ाई सही समय पर शुरू होगी.